मुनव्वर फारूकी और महजबीन कोटवाला के घर गूंजी किलकारी: नन्ही परी के स्वागत से खुशियों में डूबा कॉमेडियन का परिवार

हैदराबाद, 02 मई । ‘बिग बॉस 17’ के विजेता और मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के घर एक नन्ही परी का आगमन हुआ है। मुनव्वर की पत्नी और जानी-मानी मेकअप आर्टिस्ट महजबीन कोटवाला ने शुक्रवार, 1 मई को बेटी को जन्म दिया। देर रात मुनव्वर ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल से एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘घर में बरकत आई, अल्हम्दुलिल्लाह, दुआओं में याद रखें।’ हालांकि, प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए कपल ने फिलहाल अपनी नवजात बेटी और मां का चेहरा छिपाकर रखा है।
मुनव्वर और महजबीन के लिए यह खुशी इसलिए भी दोगुनी है क्योंकि इस महीने के अंत में यह जोड़ा अपनी शादी की दूसरी सालगिरह मनाने जा रहा है। मुनव्वर ने 26 मई 2024 को महजबीन के साथ गुपचुप तरीके से निकाह किया था। इस जोड़े की यह दूसरी शादी है; मुनव्वर का अपनी पहली पत्नी से एक बेटा ‘मिकाइल’ है, वहीं महजबीन की भी पिछली शादी से एक बेटी है। खबरों की मानें तो टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने ही इस जोड़े को मिलवाने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके बाद उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई थी।
जैसे ही मुनव्वर ने पिता बनने की खबर साझा की, मनोरंजन जगत से बधाइयों का तांता लग गया। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने लिखा, ‘बधाई हो भाई’, वहीं अली गोनी ने ‘अल्हम्दुलिल्लाह’ कहकर अपनी खुशी जताई। इनके अलावा गौहर खान, जन्नत जुबैर, रजत दलाल, और सोनाली बेंद्रे जैसे कई मशहूर सितारों ने कपल को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। फैंस भी सोशल मीडिया पर मुनव्वर की नन्ही बेटी पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। इस खुशखबरी के बाद मुनव्वर का परिवार और उनके प्रशंसक बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal