बेवफाई के आरोपों पर आयुष्मान खुराना का जवाब

मुंबई, 06 मई । आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म ‘पति-पत्नी और वो 2’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली हैं, जिसके बाद फिल्म पर बेवफाई को बढ़ावा देने के आरोप भी लगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आयुष्मान ने कहा कि मुदस्सर अज़ीज़ के निर्देशन में बनी यह एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है, जिसका उद्देश्य केवल दर्शकों का मनोरंजन करना है।
आयुष्मान ने अपने किरदार प्रजापति पांडे को लेकर कहा कि फिल्म में किसी भी तरह की बेवफाई को बढ़ावा नहीं दिया गया है। उनके मुताबिक, यह केवल परिस्थितियों से पैदा हुई कॉमेडी है, जिसमें गलतफहमियां और मजेदार घटनाएं देखने को मिलेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म में उनके किरदार का किसी के साथ अफेयर नहीं दिखाया गया है और इसे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि एक पति और पिता होने के नाते वह ऐसी फिल्मों का चयन करते हैं, जो पारिवारिक हों। आयुष्मान ने बताया कि वह अपने बच्चों को फिल्म की एडिटिंग दिखाने ले गए थे और उन्हें यह फिल्म बेहद पसंद आई। उनके अनुसार, यही उनके लिए सबसे बड़ा पैमाना है। फिल्म में सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal