गदर 3 की आधिकारिक पुष्टि: अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर किया बड़ा खुलासा

हैदराबाद, ‘गदर’ फेम अभिनेत्री अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बैक-टू-बैक पोस्ट के जरिए ‘गदर 3’ के आने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। उन्होंने फिल्म के बारे में अपडेट साझा करते हुए बताया कि ‘गदर 3’ पक्का आएगी और जब यह सिनेमाघरों में दस्तक देगी, तो जबरदस्त हंगामा मचेगा। अमीषा के अनुसार, इस बार फिल्म का स्केल और स्क्रिप्ट पहले से कहीं अधिक भव्य और शक्तिशाली होगी। ‘गदर 2’ की शानदार सफलता के बाद अब फैंस को तारा सिंह और सकीना की अगली कहानी का बेसब्री से इंतजार है।
अमीषा ने अपने पोस्ट में बॉलीवुड में चल रहे ‘फेक पीआर’ कल्चर पर भी तीखा प्रहार किया है। उन्होंने बिना नाम लिए कई अभिनेत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन एक्ट्रेसेस ने अपने करियर में 200 करोड़ की एक भी फिल्म नहीं दी, वे अपनी पीआर टीमों को पैसे देकर खुद को नंबर 1 और नंबर 2 कहलवा रही हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि खुद को ‘सुपरस्टार’ तभी कहें जब आपने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा हो, न कि पीआर स्टंट के जरिए खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश करें।
अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का जिक्र करते हुए अमीषा ने कहा कि ‘कहो ना प्यार है’, ‘गदर 1’ और ‘गदर 2’ के रूप में उन्होंने तीन सबसे बड़ी सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि ये फिल्में आज भी उनके को-स्टार्स के करियर की सबसे बड़ी हिट्स मानी जाती हैं। अभिनेत्री ने यह भी स्वीकार किया कि अन्य अभिनेत्रियों के मुकाबले उनकी ‘फेक पीआर मशीनरी’ थोड़ी कमजोर है, लेकिन उनके पास दर्शकों का वास्तविक प्यार और भगवान का आशीर्वाद है, जिसके दम पर ‘गदर 3’ बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ से अधिक की कमाई करेगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal