रेमो डिसूजा की फिल्म में काम करते नजर आ सकते हैँ वरुण धवन

मुंबई, 17 मई । बॉलीवुड स्टार वरुण धवन एक बार फिर निर्देशक-कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा की फिल्म में काम करते नजर आ सकते हैँ। चर्चा हैं कि वरुण और रेमो दोनों एक नई फिल्म पर साथ काम कर रहे हैं, जिसकी संभावित रिलीज अगले वर्ष मार्च में हो सकती है। हालांकि अभी तक इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन फिल्म को लेकर फिल्मी गलियारों में लगातार चर्चा बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, इस आगामी फिल्म में अभिनेत्री कैटरीना कैफ, वरुण धवन के अपोजिट मुख्य भूमिका में नजर आ सकती हैं। यदि यह कास्टिंग फाइनल होती है तो यह पहली बार होगा जब वरुण धवन और कैटरीना कैफ बड़े पर्दे पर एक प्रमुख जोड़ी के रूप में साथ दिखाई देंगे। दोनों सितारों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक बड़े पैमाने पर बनाई जा रही एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट होगी, जिसमें डांस, ड्रामा और एक्शन का मिश्रण देखने को मिल सकता है।
वरुण धवन और रेमो डिसूजा की यह साझेदारी नई नहीं है। इससे पहले दोनों ने फिल्म ‘एबीसीडी 2’ और ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ में साथ काम किया है।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि यदि यह प्रोजेक्ट तय समय पर आगे बढ़ता है, तो यह अगले साल की बड़ी रिलीज़ में से एक हो सकती है। वरुण धवन की लोकप्रियता और रेमो डिसूजा की निर्देशन शैली के साथ यदि कैटरीना कैफ की मौजूदगी जुड़ती है, तो यह फिल्म दर्शकों के लिए एक बड़ा आकर्षण साबित हो सकती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal