उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी राज्यों में कई दिन तक भीषण गर्मी, लू की चेतावनी; लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

नई दिल्ली, मौसम विज्ञान विभाग ने देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी क्षेत्र के बड़े हिस्सों में अगले कई दिनों तक भीषण से अति भीषण गर्मी और लू की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। विभाग की ओर से मंगलवार सुबह जारी पूर्वानुमानों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना सहित कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा। विभाग के ताजा मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 26 से 29 मई के बीच गर्मी और लू की गंभीर स्थिति बनी रहने के आसार हैं। पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ स्थानों पर अति भीषण लू चलने का अनुमान है। विभाग के अनुमानों में कहा गया है कि पंजाब तथा हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली में आज और कल अति भीषण लू की स्थिति रहेगी। उत्तर प्रदेश में भी 26 से 28 मई के बीच कई स्थानों पर लू तथा 26 और 27 मई को कुछ इलाकों में गंभीर गर्मी और लू चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने राजस्थान में 30 मई तक, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 29 मई तक तथा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड में भी अगले तीन से चार दिनों तक लू का असर बने रहने का अनुमान जताया है। इस बीच दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच रात के तापमान में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने गर्मी के अनुमानों को देखते हुए राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 28 मई तक उच्चतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और उसके बाद ही राहत मिलने की संभावना है। विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 28 मई तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 29 से 31 मई के बीच अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम बुलेटिन में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal