‘पेद्दी’ के प्री-रिलीज़ इवेंट में जान्हवी कपूर के तेलुगु भाषण ने जीता फैंस का दिल

मुंबई, 03 जून । अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपनी आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ के प्री-रिलीज़ इवेंट में तेलुगु में भाषण देकर प्रशंसकों का दिल जीत लिया। विजयवाड़ा में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और टीम मौजूद रही, लेकिन जान्हवी का आत्मीय संबोधन सबसे अधिक चर्चा का विषय बन गया।
फिल्म में अचियम्मा का किरदार निभा रहीं जान्हवी कपूर ने अपने भाषण की शुरुआत दर्शकों के प्यार और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए की। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ तेलुगु भाषा में अपने विचार रखे, जिसे वहां मौजूद दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सराहा। उनके भाषण के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और प्रशंसक उनके प्रयास तथा समर्पण की प्रशंसा कर रहे हैं।
जान्हवी ने कहा कि ‘पेद्दी’ उनकी पूरी टीम के लिए एक बेहद खास फिल्म है। उन्होंने बताया कि फिल्म का मूल संदेश अपनी पहचान को बनाए रखने और जीवन के वास्तविक उद्देश्य की तलाश के इर्द-गिर्द केंद्रित है। अभिनेत्री ने कहा कि दर्शकों का प्यार कलाकारों को लगातार बेहतर काम करने और सार्थक कहानियों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की प्रेरणा देता है।
अपने संबोधन के अंत में जान्हवी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य अभिनय के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करना और अच्छी फिल्में दर्शकों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उनकी पहचान उन लोगों से जुड़ी है, जिन्होंने उनके सफर में हमेशा उनका साथ दिया और उन्हें भरपूर प्यार दिया।
फिल्म की रिलीज़ में अब केवल दो दिन शेष हैं और ऐसे में जान्हवी कपूर का यह तेलुगु भाषण ‘पेद्दी’ के प्रचार अभियान का सबसे चर्चित और भावनात्मक क्षण बन गया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal