माही विज ने सहर होने को है के सफर को दी भावुक अंदाज में विदाई

मुंबई, अपने चर्चित धारावाहिक सहर होने को है के सफर को अभिनेत्री माही विज ने भावुक अंदाज में विदाई दी है। सोशल मीडिया पर अभिनेत्री ने एक भावनात्मक पोस्ट लिखी। इस पोस्ट की एक खास बात यह भी रही कि उनके पूर्व पति जय भानुशाली ने भी उस पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
माही विज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपने मेकअप रूम के बाहर खड़ी दिखाई दे रही हैं। तस्वीर में उनके चेहरे पर शो से विदा होने की भावुकता साफ झलक रही है। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि वह इस किरदार, अपने कमरे और पूरे सफर को अलविदा कह रही हैं, लेकिन अपने साथ ढेर सारी खूबसूरत यादें लेकर जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस किरदार को निभाने का हर पल उनके लिए बेहद खास रहा और शूटिंग के दौरान बिताया गया प्रत्येक दिन उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया।
अभिनेत्री ने अपने संदेश में उन सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया, जिन्होंने इस यात्रा को यादगार बनाने में योगदान दिया। उन्होंने निर्देशक, निर्माता, रचनात्मक टीम, सह-कलाकारों, तकनीकी कर्मचारियों और चैनल से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास ने इस सफर को खास बना दिया। माही के अनुसार, पूरी टीम के समर्थन के बिना वह इस किरदार को इतनी प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर नहीं उतार पातीं। उन्होंने अपने लोकप्रिय किरदार कौसर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमिका हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी। माही ने बताया कि इस किरदार ने उन्हें दर्शकों के और करीब पहुंचाया और उन्हें भरपूर प्यार व अपनापन मिला। उन्होंने दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके द्वारा मिला स्नेह किसी सम्मान या पुरस्कार से कम नहीं है।
अभिनेत्री ने कहा कि भले ही अब वह अपने करियर के अगले पड़ाव की ओर बढ़ रही हैं, लेकिन इस किरदार से जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। माही की इस पोस्ट पर सबसे ज्यादा चर्चा जय भानुशाली की प्रतिक्रिया को लेकर हुई। जय ने कमेंट सेक्शन में ताली बजाने वाला इमोजी साझा कर माही की सराहना की। इसके जवाब में माही ने हार्ट इमोजी भेजकर उनका आभार जताया। दोनों के बीच यह सौहार्दपूर्ण संवाद प्रशंसकों को भी काफी पसंद आया। गौरतलब है कि इसी वर्ष जनवरी में माही विज और जय भानुशाली ने अपनी 14 वर्ष पुरानी शादी समाप्त करने की घोषणा की थी। दोनों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्होंने अलग होने का फैसला आपसी सम्मान और समझदारी के साथ लिया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal