नुशरत भरुचा ने पशु क्रूरता के खिलाफ उठाई आवाज, मंजरी फडनीस की न्याय की भावुक अपील को दिया समर्थन

मुंबई, । बॉलीवुड अभिनेत्री नुशरत भरुचा ने पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है। नुशरत भरुचा ने ‘जाने तू या जाने ना’ फेम अभिनेत्री मंजरी फडणीस का एक भावुक इंस्टाग्राम वीडियो साझा किया है, जिसमें एक कम्युनिटी डॉग ‘मिकी’ की कथित हत्या को लेकर न्याय की मांग की गई है।
वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीपोस्ट करते हुए नुशरत ने इस घटना पर दुख और गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा है, “यह पूरी तरह अस्वीकार्य है!! यह वह दुनिया नहीं हो सकती, जिसमें हम रहें!! मैं दिल से टूटी हुई हूं और बेहद गुस्से में हूं!”
वीडियो में मंजरी फडनीस ने बताया कि उनकी हाउसिंग सोसायटी के लोग कई दिनों से मिकी की तलाश कर रहे थे। उसे ढूंढने की उम्मीद में पोस्टर लगाए गए और सिक्योरिटी गार्ड्स से भी पूछताछ की गई। मंजरी ने मिकी को एक “बहुत प्यारा कुत्ता” बताते हुए आरोप लगाया कि सोसायटी के एक निवासी ने सोते समय उस पर बेरहमी से हमला करने की बात कबूल की।
मंजरी के अनुसार, कथित तौर पर कुत्ते के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, उसे घसीटा गया और आगे भी प्रताड़ित किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभिनेत्री ने इस घटना को बेहद भावुक अंदाज में साझा करते हुए जिम्मेदारी तय करने और कम्युनिटी एनिमल के लिए न्याय की मांग की है।
नुशरत द्वारा इस वीडियो को साझा किए जाने के बाद पशु कल्याण और आवारा जानवरों के खिलाफ हिंसा का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मंजरी की इस अपील को साझा कर नुशरत ने उन आवाजों का समर्थन किया है, जो पशुओं के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और उनकी बेहतर सुरक्षा की मांग कर रही हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal