Monday , June 22 2026

जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का धरना तीसरे दिन भी जारी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक पर कार्रवाई की मांग

जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का धरना तीसरे दिन भी जारी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक पर कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली, 22 जून । शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जंतर-मंतर पर चल रहा धरना-प्रदर्शन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और एनटीए को भंग करने की मांग पर अड़े हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह लड़ाई करोड़ों छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए है और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा।
व्यवस्थाओं के बीच आंदोलन का संकल्प

धरना स्थल पर स्वयंसेवकों द्वारा भोजन और पानी की व्यवस्था की गई है, जहाँ अभिजीत दीपके ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा बिजली और पानी की आपूर्ति में बाधाएं डाली जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका मनोबल अडिग है। वक्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और जवाबदेही तय करने पर जोर देते हुए सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की।
कैंडल लाइट मार्च की तैयारी

आंदोलन को व्यापक समर्थन देने के लिए सोमवार शाम 6 बजे “India Against Paper Leak” के बैनर तले एक कैंडल लाइट मार्च निकाला जाएगा। इसमें छात्रों, अभिभावकों और विभिन्न संगठनों की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट संदेश है कि शिक्षा के साथ हो रहे खिलवाड़ को वे बर्दाश्त नहीं करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होने तक वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।

सियासी मियार की रीपोर्ट