Wednesday , August 5 2026

‘हस्तिनापुर के वीर’ बच्चों में संस्कार और चरित्र निर्माण का संदेश देगा : मनीष वाधवा

‘हस्तिनापुर के वीर’ बच्चों में संस्कार और चरित्र निर्माण का संदेश देगा : मनीष वाधवा

मुंबई, । सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे अभिनेता मनीष वाधवा का कहना है कि यह धारावाहिक बच्चों में संस्कार और चरित्र निर्माण का संदेश देगा। मनीष वाधवा ने कहा कि भीष्म पितामह का किरदार निभाना उनके लिए सम्मान की बात है।

उन्होंने बताया कि इस भूमिका को निभाने के लिए उन्होंने वर्षों से पढ़ी, सुनी और सीखी बातों के साथ अपने अनुभवों का भी सहारा लिया, जिससे किरदार की गरिमा, बुद्धिमत्ता और कर्तव्यनिष्ठा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने कहा कि ‘हस्तिनापुर के वीर’ में दर्शकों को भीष्म पितामह का एक संवेदनशील और स्नेहपूर्ण रूप देखने को मिलेगा, जो पांडवों और कौरवों दोनों के मार्गदर्शक और संरक्षक हैं। यह धारावाहिक उनके व्यक्तित्व के उस पक्ष को भी सामने लाता है, जिसमें वे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

युवा कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए मनीष वाधवा ने कहा कि सभी बाल कलाकार प्रतिभाशाली और उत्साही हैं। उन्होंने कहा कि वह समय-समय पर उन्हें अभिनय के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का महत्व भी बताते हैं। मनीष वाधवा का मानना है कि यह धारावाहिक केवल पौराणिक कथा नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का संदेश देने वाला शो है। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और यही संदेश ‘हस्तिनापुर के वीर’ के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। ‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे किया जाता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट