सीएम हेमंत सोरेन का बिष्टुपुर हिंसा पर बड़ा एक्शन, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के एसएसपी-एसपी हटाए गए

रांची, 01 जुलाई । झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुई हिंसक घटना और बिगड़ी कानून-व्यवस्था को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि दोनों अधिकारियों को क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण हटाया गया है। इसके साथ ही श्री सोरेन ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। वहीं, जमशेदपुर के डीआईजी को शहर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ज्ञातव्य है कि बिष्टुपुर के डबल डाउन बार में मारपीट के बाद चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। इसी घटना के बाद राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर यह बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal