प्रियदर्शन ने बताया क्यों छोड़ी ‘हेरा फेरी 3’

मुंबई, 05 जुलाई । लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म से अलग होने के बाद निर्देशक प्रियदर्शन ने निर्माता फिरोज नाडियाडवाला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार हुए अपमान और लंबे समय से चल रहे कॉपीराइट विवाद के कारण उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला किया। प्रियदर्शन का दावा है कि मौजूदा परिस्थितियों में फिल्म का बन पाना मुश्किल है और यदि बनी भी, तो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं होगी।
प्रियदर्शन ने आरोप लगाया कि फिरोज नाडियाडवाला ने उनके काम का कई बार अपमान किया। उन्होंने दावा किया कि निर्माता ने अक्षय कुमार से कहा था कि फिल्म के अधिकार उनके पास हैं, लेकिन इसका निर्देशन कभी प्रियदर्शन से न कराएं। निर्देशक के मुताबिक, उन्हें यह भी कहा गया कि ‘हेरा फेरी’ का उनका एडिट किसी कम बजट की फिल्म जैसा था। प्रियदर्शन ने कहा कि अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल के आग्रह पर उन्होंने फिल्म की कहानी तैयार की थी और उनका विश्वास था कि वह इसे देश की सबसे बड़ी कॉमेडी फ्रेंचाइजी बना सकते थे।
निर्देशक के अनुसार, वर्ष 2025 से ही फिल्म कानूनी और कॉपीराइट विवादों में उलझ गई थी। उन्होंने दावा किया कि इन पचड़ों के कारण अब ‘हेरा फेरी 3’ का बन पाना बेहद मुश्किल है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विवाद का असर अक्षय कुमार के साथ उनके संबंधों पर नहीं पड़ा है। फिल्म से अलग होने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अक्षय के साथ अपनी अगली फिल्म की घोषणा भी कर दी है। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘भूत बंगला’ में साथ नजर आई थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal