Saturday , July 18 2026

प्रियंका चोपड़ा ने अभिनय के दम पर बॉलीवुड से हॉलीवुड तक बनाई अपनी खास जगह

प्रियंका चोपड़ा ने अभिनय के दम पर बॉलीवुड से हॉलीवुड तक बनाई अपनी खास जगह

मुंबई, 18 जुलाई बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी खूबसूरती, अभिनय प्रतिभा और मेहनत के बल पर न केवल हिंदी फिल्म जगत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी खास पहचान बनाई है।18 जुलाई 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में जन्मी प्रियंका चोपड़ा का बचपन अलग-अलग शहरों में बीता। उनके माता-पिता भारतीय सेना में चिकित्सक थे, जिसके कारण उनका बचपन कई जगहों पर गुजरा। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बरेली से पूरी की। बाद में उन्होंने लखनऊ और मुंबई से अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की। इसी दौरान उनका रुझान मॉडलिंग की दुनिया की ओर हुआ और उन्होंने मॉडल के रूप में काम करना शुरू किया।
वर्ष 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और दूसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद उन्हें मिस इंडिया वर्ल्ड के खिताब से नवाजा गया। उसी वर्ष उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और भारतीय सुंदरता का परचम पूरी दुनिया में लहराते हुए मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया। वह रीता फारिया के बाद मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली पांचवीं भारतीय सुंदरी बनीं।
मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका चोपड़ा के लिए फिल्म जगत के दरवाजे खुल गए। उन्होंने अपने सिने करियर की शुरुआत वर्ष 2002 में तमिल फिल्म ‘थमिझन’ से की। फिल्म को व्यावसायिक सफलता नहीं मिली, लेकिन प्रियंका के अभिनय की समीक्षकों ने सराहना की।
वर्ष 2003 में प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड में कदम रखा। उनकी पहली हिंदी फिल्म ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई’ थी, जिसमें उन्होंने सनी देओल और प्रीति जिंटा के साथ काम किया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और प्रियंका के अभिनय को दर्शकों के साथ ही समीक्षकों ने भी पसंद किया।
इसी वर्ष प्रदर्शित राज कंवर की फिल्म ‘अंदाज’ प्रियंका चोपड़ा के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल हुई। फिल्म में उनके नायक की भूमिका अक्षय कुमार ने निभाई थी। बेहतरीन गीत-संगीत, दमदार अभिनय और शानदार कहानी के कारण यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म में अपने अभिनय के लिए प्रियंका चोपड़ा को फिल्मफेयर पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के लिए नामांकित किया गया और उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री पुरस्कार मिला।
वर्ष 2004 में प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ प्रदर्शित हुई। डेविड धवन निर्देशित इस फिल्म में सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारों के साथ काम करते हुए भी प्रियंका ने अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने युवा फैशन डिजाइनर रानी सिंह का किरदार बेहद प्रभावी ढंग से निभाया और फिल्म की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसी वर्ष उन्हें प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सुभाष घई की फिल्म ‘ऐतराज’ में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में उन्होंने सोनिया रॉय नाम की महत्वाकांक्षी और नकारात्मक छवि वाली महिला का किरदार निभाया। यह भूमिका उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक थी। ‘ऐतराज’ में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। फिल्म इतिहास में यह दूसरा अवसर था, जब किसी अभिनेत्री को इस श्रेणी में फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया। इससे पहले अभिनेत्री काजोल को फिल्म ‘गुप्त’ के लिए यह सम्मान मिला था।
वर्ष 2006 प्रियंका चोपड़ा के फिल्मी करियर के लिए बेहद अहम साबित हुआ। इस वर्ष उनकी फिल्म ‘डॉन’ प्रदर्शित हुई, जिसमें उन्होंने जीनत अमान द्वारा निभाई गई भूमिका को आगे बढ़ाया। इसी वर्ष उनकी सुपरहिट फिल्म ‘कृष’ भी प्रदर्शित हुई, जिसमें उन्होंने ऋतिक रोशन की प्रेमिका की भूमिका निभाई।
वर्ष 2008 में प्रदर्शित मधुर भंडारकर की फिल्म ‘फैशन’ प्रियंका चोपड़ा के करियर की यादगार फिल्म साबित हुई। फैशन जगत की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उन्होंने एक छोटे शहर की लड़की से सफल मॉडल बनने तक का सफर तय करने वाली मेघना माथुर की भूमिका निभाई। अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म ‘व्हाट्स योर राशि?’ में प्रियंका चोपड़ा ने एक नया प्रयोग किया। इस फिल्म में उन्होंने एक या दो नहीं बल्कि 12 अलग-अलग किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया।
प्रियंका चोपड़ा ने अपने दो दशक से अधिक लंबे सिने करियर में करीब 50 फिल्मों में अभिनय किया है। वर्ष 2016 में उनकी फिल्म ‘जय गंगाजल’ प्रदर्शित हुई, जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने हॉलीवुड फिल्म ‘बेवॉच’ में भी अभिनय किया और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपनी पहचान बनाई।
प्रियंका चोपड़ा अभिनय के अलावा गायन, फिल्म निर्माण और सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी के माध्यम से क्षेत्रीय फिल्मों को भी प्रोत्साहन दिया है।
वर्ष 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकी गायक और अभिनेता निक जोनास के साथ विवाह किया। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम मालती मैरी चोपड़ा जोनास है।प्रियंका चोपड़ा आज भी बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों में सक्रिय हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट