ब्रिटेन ने बाढ़ पीड़ित नेपाल को कोष और आपातकालीन बचाव दल भेजने की पेशकश की

लंदन, ब्रिटेन ने नेपाल में अचानक आई बाढ़ से सैकड़ों लोगों की मौत होने और एक हजार से अधिक लोगों के लापता होने के बाद प्रभावित देश को 50 लाख पाउंड की सहायता और आपातकालीन बचाव दल उपलब्ध कराने की पेशकश की है। लापता लोगों में करीब 33 ब्रिटिश नागरिक भी शामिल हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने बृहस्पतिवार को आपदाग्रस्त क्षेत्र की तस्वीरों को ‘‘भयावह’’ बताया और संकट में फंसे ब्रिटिश नागरिकों से स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने तत्काल कदम उठाते हुए प्रभावित इलाके में वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों को भेज दिया है, ताकि वहां मौजूद ब्रिटिश नागरिकों को चौबीसों घंटे सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
‘साउथ वेल्स’ के दौरे के दौरान बर्नहम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नेपाल से बेहद ही भयावह तस्वीरें सामने आ रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने आपदा क्षेत्र में आपातकालीन बचाव दल को भेजने का प्रस्ताव दिया गया है लेकिन जाहिर है कि इस पर नेपाल सरकार फैसला करेगी। साथ ही, हमने इस राहत और बचाव के काम में मदद के लिए 50 लाख पाउंड देने की भी पेशकश की है।
उन्होंने कहा, ‘‘कई ब्रिटिश नागरिक अब भी लापता बताए जा रहे हैं और हम उनके परिवारों को हर संभव मदद देंगे।’’
महाराजा चार्ल्स तृतीय और महारानी कैमिला ने कहा कि वे विनाशकारी बाढ़ की खबर सुनकर ‘‘बहुत दुखी’’ हैं और उन्होंने आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले और अपने मित्रों एवं रिश्तेदारों की सलामती की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के प्रति ‘‘गहरी संवेदना’’ व्यक्त की है।
शाही परिवार ने एक बयान में कहा, ‘‘ब्रिटेन में कई लोगों के इसके साथ (नेपाल) मजबूत, गहरे और व्यक्तिगत संबंध हैं।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal