Wednesday , September 9 2026

नाग पंचमी पर कुब्रा सैत का जागरूक संदेश,आस्था के नाम पर क्रूरता नहीं

नाग पंचमी पर कुब्रा सैत का जागरूक संदेश,आस्था के नाम पर क्रूरता नहीं

मुंबई, 07 सितंबर अभिनेत्री कुब्रा सैत ने नाग पंचमी के अवसर पर सांपों के साथ होने वाली क्रूरता को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए आस्था के साथ करुणा और वन्यजीव संरक्षण को महत्व देने की अपील की है।कुब्रा ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के जरिए नाग पंचमी के दौरान सांपों के साथ होने वाले व्यवहार की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि जिस परंपरा को श्रद्धा और धार्मिक मान्यताओं से जोड़कर देखा जाता है, उसके पीछे कई बार सांपों के प्रति क्रूरता की सच्चाई भी छिपी होती है।
कुब्रा ने कहा कि नाग पंचमी के दौरान कई स्थानों पर सांपों को पकड़कर प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल किया जाता है और उन्हें अनुचित परिस्थितियों में रखा जाता है। कुब्रा ने लोगों से अपील की कि नाग देवता के प्रति सम्मान केवल पूजा-अर्चना तक सीमित न रहे, बल्कि जीवित सांपों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण में भी दिखाई दे। उन्होंने कहा कि आस्था और करुणा एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि किसी परंपरा के कारण किसी जीव को पीड़ा पहुंचती है तो उस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची श्रद्धा का प्रतीक है।
नाग पंचमी सदियों से धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं से जुड़ा पर्व रहा है। कुब्रा का संदेश लोगों को परंपराओं के साथ वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतने की प्रेरणा देता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट