लंदन के वेम्बली से दिलजीत दोसांझ ने सुनाई खुशखबरी, भारत में इस जगह करेंगे अगला कॉन्सर्ट

लंदन/मुंबई, 13 सितंबर पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने कॉन्सर्ट को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। शनिवार, 12 सितंबर को उन्होंने लंदन के वेम्बली स्टेडियम में लाइव शो किया। शो के दौरान ही दिलजीत ने अपने अगले कॉन्सर्ट का भी ऐलान कर दिया, जिसे सुनकर उनके भारतीय फैंस खुशी से झुम उठे। दरअसल, घोषणा करते हुए सिंगर ने बताया कि लंदन के बाद अब वह अगला कॉन्सर्ट भारत के अहमदाबाद शहर में करने वाले हैं।
अहमदाबाद में कहां होगा दिलजीत का कॉन्सर्ट?
वेम्बली स्टेडियम में कॉन्सर्ट करते हुए दिलजीत दोसांझ ने दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का जिक्र किया। दिलजीत ने बातचीत के दौरान वहां हुए कोल्डप्ले के हाउसफुल कॉन्सर्ट को भी याद किया। सिंगर ने कहा, ‘भारत का सबसे बड़ा स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम है। एक विदेशी ग्रुप ने वहां पूरा स्टेडियम हाउसफुल कर दिया था। उनके लिए सम्मान और बहुत-बहुत बधाई। लेकिन भारत के अपने स्टेडियम में पंजाबी परचम न लहराए, ऐसा तो मुमकिन ही नहीं है।’
कब होगा दिलजीत का कॉन्सर्ट?
इसके बाद दिलजीत ने बिना देरी किए अहमदाबाद कॉन्सर्ट की तारीख भी कन्फर्म कर दी। उन्होंने दर्शकों से कहा, ‘हम 21 नवंबर, 2026 को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करेंगे।’ बता दें कि यह कॉन्सर्ट 2024 के दिल-लुमिनाटी इंडिया टूर के बाद अहमदाबाद में उनकी वापसी होगी। नवंबर में होने वाले इस शो के टिकट, कीमत और बुकिंग से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
दिलजीत ने रचा वेम्बली स्टेडियम में इतिहास
दिलजीत दोसांझ ने शनिवार को लंदन के वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्म करके नया इतिहास रच दिया। दरअसल, वहां के मैदान पर सिंगर मेन हेडलाइनर के तौर पर शो करने वाले दुनिया के पहले पंजाबी सिंगर बन गए हैं। शो की शुरुआत दिलजीत ने अपने मशहूर डायलॉग ‘पंजाबी आ गए वेम्बली ओए!’ के साथ की और कहा कि ये सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं है, बल्कि ये पल हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal