डॉ मनमोहन सिंह को जयंती पर खरगे-प्रियंका ने किया नमन

नई दिल्ली, 26 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण, आर्थिक सुधारों और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा “डॉ. मनमोहन सिंह के ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास यात्रा को बदल दिया, नए अवसर पैदा किए और लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद की। उनकी विनम्रता, ईमानदारी और विवेक उनके सार्वजनिक जीवन की पहचान रही है।
उन्होंने शांत गरिमा और संवेदनशीलता के साथ नेतृत्व किया तथा समावेशी विकास और सबसे कमजोर वर्गों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा।” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार का अधिकार आधारित ढांचा इस दृष्टि की स्थायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि ईमानदार सार्वजनिक सेवा, समावेशी विकास और परिवर्तनकारी सुधारों की डॉ. मनमोहन सिंह की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
श्रीमती वाड्रा ने कहा कि कुशल अर्थशास्त्री एवं सफल राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के विकास को असाधारण गति दी और देश की समृद्धि को नए मुकाम पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अपनी दूरदर्शी एवं समावेशी आर्थिक नीतियों के जरिए डॉ. सिंह ने हर तबके को समृद्ध किया और देश के विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal