Sunday , September 27 2026

शान्तनु मोइत्रा को मिलेगा राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान…

शान्तनु मोइत्रा को मिलेगा राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान

इंदौर, । मध्यप्रदेश शासन का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान-2026 इस वर्ष संगीत निर्देशन के लिए प्रसिद्ध संगीतकार शान्तनु मोइत्रा को प्रदान किया जाएगा। उन्हें 28 सितंबर को इंदौर के लता मंगेशकर सभागार में आयोजित अलंकरण समारोह में पांच लाख रुपये की कर-मुक्त राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, इंदौर के सहयोग से 27 और 28 सितंबर को लता मंगेशकर सभागार, वीआइपी परस्पर नगर में शाम सात बजे से दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। दोनों दिन कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
आयोजन के पहले दिन 27 सितंबर को ‘अमर लता हमारी लता…’ शीर्षक से संगीत संध्या होगी। इसमें इंदौर के गायक कलाकार अभय आहूजा, विवेक भारद्वाज, संजोत बरोट, पद्मा शुक्ला, सुषमा राव, सिद्धार्थ दुबे, वैशाली चौहान, मुस्कान चौहान, सौम्या सिन्हा और दीपिका पुरोहित गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे।
28 सितंबर को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद लोकप्रिय गायक जोड़ी सचेत-परम्परा की संगीत संध्या होगी।
:: ‘परिणीता’ से ‘12वीं फेल’ तक संगीत का सफर ::
22 जनवरी 1968 को लखनऊ में जन्मे मोइत्रा ने विज्ञापन जगत से संगीत के क्षेत्र में कदम रखा और बाद में हिंदी सिनेमा में संगीत निर्देशक तथा बैकग्राउंड स्कोर कम्पोजर के रूप में पहचान बनाई।
उन्होंने ‘परिणीता’, ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘मद्रास कैफे’, ‘पीकू’, ‘अक्टूबर’ और ‘12वीं फेल’ जैसी फिल्मों के लिए संगीत दिया है। तेलुगु फिल्म ‘ना बंगारू तल्लि’ के लिए उन्हें 2014 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था।
:: 1984 में स्थापित हुआ था सम्मान ::
सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन ने 1984 में राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान की स्थापना की थी। यह सम्मान बारी-बारी से संगीत रचना और गायन के क्षेत्र में प्रदान किया जाता है।
अब तक 42 विभूतियों को इस सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। पिछले समारोह में वर्ष 2024 के संगीत निर्देशन के लिए शंकर-एहसान-लॉय तथा वर्ष 2025 के पार्श्व गायन के लिए सोनू निगम को सम्मानित किया गया था।
संस्कृति विभाग के अनुसार, इंदौर में जन्मीं लता मंगेशकर की स्मृति में आयोजित यह समारोह उनकी संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास का हिस्सा है। मध्यप्रदेश शासन ने महान विभूतियों की स्मृति में 20 से अधिक सम्मान स्थापित किए हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट