Tuesday , September 29 2026

दुर्गा पूजा के नाम पर लोगों से ले रहे हैं पैसे, गैरकानूनी गतिविधियों पर होगी कार्रवाई : दिलीप घोष

दुर्गा पूजा के नाम पर लोगों से ले रहे हैं पैसे, गैरकानूनी गतिविधियों पर होगी कार्रवाई : दिलीप घोष

मिदनापुर, 29 सितंबर । पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने ईडी की छापेमारी, वोटर लिस्ट से जुड़े आरोपों, नंदीग्राम के उम्मीदवार मिलन प्रधान की जमानत पर सुनवाई, कंप्यूटर शिक्षकों के विरोध-प्रदर्शन, अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा से जुड़ी याचिका समेत कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी है।

दिलीप घोष ने दुर्गा पूजा को लेकर मीडिया से कहा, “भ्रष्टाचार के लिए कोई अनुमति नहीं दी जाएगी और कोई मनमानी नहीं करने पाएगा। जैसे ही शिकायत आएगी, तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा के नाम पर लोग पैसे ले रहे हैं, यह गैरकानूनी है। इसके खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी है।”

एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर दिलीप घोष ने कहा, “एसआईआर अभी भी प्रक्रिया में है। धीरे-धीरे सब साफ होगा लेकिन चुनाव को लेकर किसी का कोई सवाल नहीं है। लोगों ने मतदान किया और मत प्रतिशत बढ़ा और परिणाम अच्छा आया। जो हार गए उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है।”

नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की जमानत पर सुनवाई को लेकर दिलीप घोष ने कहा, “यह कोर्ट का मामला है। कांग्रेस की ओर से ऐसे दागी लोगों को उम्मीदवार क्यों बनाया जाता है। समाज में क्या अच्छे लोग नहीं हैं ? उनको सही प्रत्याशी उतारना चाहिए था।”

अभिषेक बनर्जी को जेड प्लस सुरक्षा के सवाल पर दिलीप घोष ने कहा, “बंगाल में जेड प्लेस सुरक्षा की क्या जरुरत है। जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार के इतने सारे मामले चल रहे हों, उसको जेड प्लस सुरक्षा देना प्रशासन का अपमान करना है। इन लोगों को सुरक्षा जरूर मिलेगी लेकिन ऐसा भी नहीं है कि जितना बड़ा चोर, उतनी बड़ी सिक्योरिटी दी जाए।”

टीएमसी के सिंबल के मामले को लेकर दिलीप घोष ने कहा, “सिंबल का मामला कोर्ट में लंबित है। कोर्ट की निगरानी में चुनाव आयोग इसको देख रहा है। समय पर इसका निराकरण हो जाएगा।

कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिलीप घोष ने कहा, “देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का कांग्रेस का कल्चर है। इतना नीचे गिरकर राजनीति और आंदोलन नहीं होता है।”

सियासी मियार की रीपोर्ट