अमिताभ बच्चन ने जलसा गेट पर इंतजार कर रहे ईएफ फैमिली से मांगी माफी, कहा- जल्द मिलेंगे

मुंबई, 11 अक्टूबर । बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। हर साल की तरह इस साल भी उनके बंगले जलसा के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ा था लेकिन महानायक शनिवार को अपने फैंस से मिल नहीं पाए। इसके लिए उन्होंने अपनी एक्सटेंडेड फैमिली यानी ईएफ फैमिली से माफी मांगी है और कहा है कि वह आज रविवार को जलसा गेट पर सबसे मिलेंगे।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से अपनी दिल की बात साझा की। उन्होंने लिखा, “पूरी ईएफ फैमिली से माफी चाहता हूं कि आपको ‘जलसा’ गेट पर इतनी देर तक इंतजार करना पड़ा और मैं बाहर नहीं आ पाया। लेकिन.. कल संडे की मुलाकात में.. अरे.. कल तो आ ही गया है.. तो दिन में थोड़ी देर बाद मिलेंगे.. और माफी मांगूंगा।”
दरअसल, अमिताभ बच्चन अपने फैंस को अपनी एक्सटेंडेड फैमिली मानते हैं। पिछले चार दशकों से भी ज्यादा समय से यह परंपरा चली आ रही है कि हर रविवार को बिग बी अपने घर जलसा के गेट पर आकर फैंस से मिलते हैं, उनका अभिवादन करते हैं। उनके जन्मदिन पर यह नजारा और भी खास होता है, जब देशभर से लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मुंबई पहुंचते हैं।
अपने ब्लॉग में बिग बी ने जन्मदिन के पहले की शाम को यादगार बताया। उन्होंने लिखा, “वे इसे सरप्राइज, अपनापन और शालीनता से भर देते हैं.. एक बहुत ही यादगार शाम और सुबह के लिए.. और यह एहसास आपके साथ बना रहता है क्योंकि मेरे जैसे लोगों के लिए, ऐसी शाम का मतलब यही होता है।” उन्होंने लिखा, “अकेलापन विचार लाता है.. इस शाम ने वे सभी विचार सामने ला दिए, जो अब तक अकेलेपन में दबे हुए थे.. हमेशा संजोकर रखने लायक।”
84 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन की ऊर्जा और फैंस के प्रति उनका समर्पण वैसा ही है। जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक हस्तियों तक ने उन्हें बधाई दी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal