गुजरात में गांधीनगर नगर निगम समेत विभिन्न स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान जारी

अहमदाबाद, । गुजरात में गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी), ओखा और थरा नगर पालिकाओं के चुनाव तथा राज्यभर के विभिन्न स्थानीय निकायों की सीट पर उपचुनाव के लिए रविवार सुबह से मतदान जारी है।
गांधीनगर नगर निगम के 11 वार्ड की सभी 44 सीट के लिए चुनाव हो रहे हैं। इन सीट पर कुल 130 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच है।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
गांधीनगर नगर निगम में करीब 2.59 लाख मतदाता हैं। इससे पहले अक्टूबर 2021 में हुए चुनाव में भाजपा ने 44 में से 41 सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को दो और आप को एक सीट मिली थी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, ओखा नगर पालिका के नौ वार्ड की कुल 36 सीट में से 32 पर मतदान हो रहा है, क्योंकि चार सीट पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 32 सीट के लिए 75 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
वहीं, थरा नगर पालिका के छह वार्ड की 24 सीट पर चुनाव हो रहे हैं। यहां 59 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इसके अलावा, खेरालु, छोटा उदयपुर और बायड नगर पालिकाओं की एक-एक सीट के साथ-साथ विभिन्न जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों की सीट पर भी उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
मतगणना 13 अक्टूबर को होगी। आवश्यकता पड़ने पर सोमवार को पुनर्मतदान कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। इन केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ नियमित गश्त की व्यवस्था भी की गई है।
चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के जरिए कराए जा रहे हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal