बंगाल के ईसाई विद्यालयों ने ‘हमलों’ पर जताई चिंता, आरएसएस प्रमुख से मुलाकात का समय मांगा

कोलकाता,। पश्चिम बंगाल के कई ईसाई मिशनरी विद्यालयों ने गिरजाघरों और पादरियों पर कथित हमलों को लेकर चिंता जताई है।
उन्होंने कहा है कि वे समुदाय के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात का समय मांगेंगे।
यह चिंता शनिवार को सिलीगुड़ी के डॉन बॉस्को स्कूल में आयोजित एक सम्मेलन में जताई गई। सम्मेलन का आयोजन ईसाई समुदाय के विभिन्न संप्रदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन ‘बंगीय क्रिश्चियन परिसेवा’ ने ‘वेस्ट बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स’ के सहयोग से किया था।
आयोजकों ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र के सामने आने वाली चुनौतियों और शैक्षणिक मानकों में सुधार के तरीकों पर चर्चा करने के लिए प्रमुख मिशनरी शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
आयोजकों में से एक ने बताया कि न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान भागवत की बहुलवाद पर हालिया टिप्पणियों से उन्हें प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने कहा कि वे पश्चिम बंगाल में ईसाई समुदाय की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए भागवत से हस्तक्षेप करने की अपील करने के उद्देश्य से उनसे मिलना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित किया गया है, जब राज्य के विभिन्न हिस्सों में ईसाइयों की प्रार्थना सभाओं, गिरजाघरों और समुदाय के सदस्यों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal