जायसवाल, राहुल, सुदर्शन, जुरेल फ्लॉप, न्यूजीलैंड ए के सामने इंडिया ए 113 पर सिमटी

लिंकन, 24 अक्टूबर 5 टी20 और 5 वनडे मैचों की सीरीज के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। भारतीय टेस्ट टीम में शामिल कई खिलाड़ी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शनिवार से शुरू हुए अनाधिकारिक टेस्ट में इंडिया ए का हिस्सा हैं। इंडिया ए के प्रदर्शन को देखते हुए न्यूजीलैंड सीनियर टीम के साथ टेस्ट सीरीज मुश्किल नजर आ रही है।
न्यूजीलैंड ए और इंडिया ए के बीच लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में पहला अनाधिकारिक टेस्ट शुरू हुआ है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निराश किया।
भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आए। राहुल अपना खाता भी नहीं खोल सके और अपनी पारी की आठवीं गेंद पर आउट हो गए। जायसवाल 17 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन 0, कप्तान और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल 1 और वाशिंगटन सुंदर 0 पर आउट हो गए। ये सभी सीनियर टीम के हिस्से हैं और प्लेइंग इलेवन में इनका खेलना भी तय है। ऐसे में इन खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन सीनियर न्यूजीलैंड टीम के साथ टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए चिंता का विषय है।
भारत का सम्मान कुछ हद तक तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए देवदत्त पड्डिकल और छठे नंबर पर आए यश राठौड़ ने बचाया। पड्डिकल ने 32 और यश ने 44 रन बनाए। राठौड़ नाबाद रहे। अंशुल कंबोज ने 10 रन बनाए। भारत की तरफ से 6 बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सके। अगर पड्डिकल और राठौड़ की पारी नहीं आई होती, तो भारतीय टीम शायद ही 60 या 70 रन से ऊपर जा पाती।
न्यूजीलैंड की तरफ से साइमन कीन ने 5, जैक गिब्सन ने 3, जबकि फ्रेजर शेट और क्रिस्टियन क्लार्क ने 1-1 विकेट लिए।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal