Friday , September 20 2024

इस फेस्टिवल सीजन में ऐसे सजाएं अपना घर….

इस फेस्टिवल सीजन में ऐसे सजाएं अपना घर….

साफ-सुथरा व संवरा माहौल हर किसी को पसंद है। अपने घर को तो सभी सजाकर रखते हैं, मगर फेस्टिवल सीजन में घर के कोने-कोने का श्रृंगार किया जाता है। घर को सजाने का अंदाज अनोखा हो, तो बहुत तारीफ मिलती है और देखने वाले बस देखते ही रह जाते हैं। मौका भी है, दस्तूर भी, फेस्टिवल की हवा है चारों ओर फैली ऐसे में अपनी सूझबूझ से हर चीज को क्रिएटिव अंदाज में सजाएं। हम भारतीय बहुत खुशकिस्मत हैं, साल भर एक के बाद एक त्योहार आते रहते हैं। खुशी की मस्ती को जीने का सबका अंदाज अलग-अलग होता है। त्योहारों के आते ही चारों ओर चमक-दमक रोशनी हो जाती है। हर कोई अपने घर को अलग अंदाज से सजाकर एकदम अलग दिखाना चाहता है। कई नए तरीके हैं जिन्हें अपनाकर आप भी सजावट को क्रिएटिव रूप दे सकते हैं। आपका घर भी संवरकर कुछ खास हो सकता है, आइए जानें कैसे…

पेंट व पॉलिश

त्योहारों से पहले पेंट-पॉलिश तो घर-घर में होती है। लीक से हटकर हर किसी के कमरे में उसी की पसंद का रंग करवाएं या एक ही कमरे की वॉल को दो अलग रंगों से सजाकर सिग्नेचर वॉल बना लें। पेंट से पहले सुंदर सीनरी भी वॉल पर बनाई जा सकती है। अपने कमरे में मोहक हलके इंद्रधुनषी रंगों की छटा बिखेरना बहुत अलग रहेगा।आमने-सामने की दो दीवारें किसी एक रंग में व दो को दूसरे में करवाकर देखें, कमरा बहुत अच्छा लगने लगेगा।

परदे हैं खास

बाजार में परदों की भरमार देखकर आप जरूर सोचने लगेंगे कि कौन सा लगाया जाए, कौन सा छोड़ा जाए। इसलिए अपने कमरे के अनुपात, दीवारों, सोफों के रंग आदि के हिसाब से रंग आदि सोचकर जाएं। इस मौसम में कुछ भारी परदे अच्छे लगते हैं। यदि पतला परदा लगा रहे हैं तो उसमें लाइनिंग लगाई जा सकती है। इससे परदे का फॉल अच्छा आएगा। सोफे यदि प्लेन हैं तो परदे प्रिंटेड ले सकते हैं।

सोफा कवर

यह क्या साधारण सा कपड़ा लिया और सोफा कवर तैयार। नहीं भई, मामला क्रिएटिविटी का है इसलिए कमरे के मुताबिक सोफा कवर प्रिंटेड व प्लेन के मेल से भी बना सकते हैं। प्लेन का मिश्रण सुंदर आकार में किया जा सकता है।

स्वागत को तैयार बंदनवार

बंदनवार या तोरण इन दिनों खास होते हैं। बाजार में कई रंगों आकारों में बने-बनाए बंदनवार मिलते हैं। मगर अपने हाथ से बने मोतियों की लड़ियों, पत्तों की लड़ियों, फूलों के नमूनों को बनाकर, कुछ अलग तरीके से लगाने का मजा ही दोगुना है। एक लड़ी फूलों की एक हरी पत्तियों की लगी हो तो बहुत साधारण मगर देखने में सुंदर लगती है। कपड़े के रंगीले बंदनवार के किनारों पर छन-छन बजती छोटी-छोटी घंटियां बहुत मधुर ध्वनि प्रदान करती हैं।

रंगोली बनाएं

अपने घर के आंगन को खूबसूरत बनाने के लिए उसे रंगोली से सजाएं।आप बाजार से उपलब्ध रंगोली के स्टीकर को प्रयोग कर सकती हैं साथ ही चाहें तो उसे फूलों के साथ डेकोरेट कर सकती हैं।

महकाएं फूल

पूजा की थाली से लेकर मुख्य द्वार तक त्योहार पर फूलों की महक का महत्व भी खास होता है। मुख्य द्वार पर फूलों की लड़ियां लटकाएं या एक-एक फूल को टेप से कुछ-कुछ दूरी पर लगाएं।

लाइटिंग

आजकल बाजार में राइस लड़ी, नेट लड़ी, मटकी लड़ी, परियों की लड़ी, जानवर, फूल, फल के आकार में व हार्ट शेप कई विदेशी लड़ियां फैशन में हैं। लाल लड़ियों के साथ हरी फिर कुछ पीली फिर उनसे बनी आकृति खास लगती हैं। रंगीन कागज से खुद भी बना सकते हैं कंदीले जिसमें बल्ब लगने के बाद माहौल ही बदल जाता है।

पूजा की थाली

त्योहारों पर पूजा का खास ही महत्व है। श्रीलक्ष्मी-गणेश की सुंदर मूर्तियां पूजा-स्थल पर स्थान पा सकती हैं। उनके सुंदर गोटा लगे वस्त्र भी भक्ति का मजा बढ़ा देते हैं। पूजा की थाली के बीचोबीच पीला रंग करें। उस पर स्वास्तिक बनाएं।

दीया डेकोरेशन

दीवाली में खास होते हैं घर-घर जगमग-जगमग जलते दीए। दीयों की डेकोरेशन पहले से करके किसी टेबल आदि की दराज में सुरक्षित रख लें, फिर दीवाली की शाम वाहवाही बटोरने के लिए रहें तैयार।

सियासी मियार की रिपोर्ट