Wednesday , March 18 2026

अंडमान में पंचायत, नगरपालिका चुनाव के लिए कांग्रेस ने तेदेपा के साथ गठबंधन किया…

अंडमान में पंचायत, नगरपालिका चुनाव के लिए कांग्रेस ने तेदेपा के साथ गठबंधन किया…

पोर्ट ब्लेयर, 02 फरवरी । कांग्रेस की अंडमान और निकोबार द्वीप समूह इकाई ने केंद्र शासित प्रदेश में नगरपालिका और पंचायत चुनावों के लिए तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के साथ गठबंधन किया है।

अंडमान और निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एएनटीसीसी) के अध्यक्ष रंगलाल हलदर और तेलुगु देशम पार्टी की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष माणिक्य राव यादव ने बुधवार को यहां गांधी भवन में एक बैठक की और गठबंधन करने का फैसला किया। यह सहमति बनी है कि तेदेपा पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद (पीबीएमसी) के वार्ड नंबर 2, 5 और 16 से चुनाव लड़ेगी।

हलदर ने कहा, ‘‘विकास के हित में और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक लोकतांत्रिक शासन की खातिर कांग्रेस और तेदेपा ने गठबंधन किया है। हम जीत के लिए प्रयास करेंगे और मुझे विश्वास है कि यह गठबंधन कांग्रेस को पीबीएमसी और पंचायत चुनाव जीतने में मदद करेगा।’’

केंद्र शासित प्रदेश में पंचायत और नगर निगम के चुनाव छह मार्च को होंगे। पंचायत और पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद चुनाव की अधिसूचना चार फरवरी को जारी की जाएगी। मतगणना आठ मार्च को होगी।

सियासी मीयार की रिपोर्ट