Friday , September 20 2024

रूस ने फिर कश्मीर को बताया भारत और पाकिस्तान के बीच का मसला…

रूस ने फिर कश्मीर को बताया भारत और पाकिस्तान के बीच का मसला…

मास्को, 07 फरवरी। चीन के रास्ते रूस के साथ रिश्तों की मजबूती की कोशिश में लगे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को फिलहाल निराशा ही हाथ लगी है। रूस ने एक बार फिर कश्मीर को भारत और पाकिस्तान के बीच का द्विपक्षीय मसला करार दिया है।

पिछले दिनों एक रूसी मीडिया संगठन रेडफिश ने कश्मीर के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि यह क्षेत्र एक और फलस्तीन बनने की ओर बढ़ रहा है। आरोप है कि इस मीडिया संगठन को रूस की सरकार का समर्थन प्राप्त है। इस बयान को लेकर पाकिस्तान खासा उत्साहित था। अब रूस की सरकार ने ही पाकिस्तान के उत्साह पर पानी फेर दिया है।

रूस की ओर से जारी बयान में इस मीडिया संगठन की राय से स्वयं को अलग किया गया है। इस बयान में कहा गया है कि कश्मीर मुद्दे पर रूस की आधिकारिक स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रूस इसे द्विपक्षीय मामला मानता है और रूस की नीति इस मसले पर कोई हस्तक्षेप न करने की है। कहा गया कि इस मसले का समाधान भारत और पाकिस्तान को ही आपस में मिलकर निकालना होगा। उम्मीद जाहिर की गयी है कि यह समाधान शिमला समझौते और लाहौर घोषणापत्र पर आधारित होगा।

दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अगले महीने रूस जाने की योजना बना रहे हैं। पिछले दिनों रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन ने तालिबान को लेकर इमरान खान से कई बार विचार विमर्श किया है। कश्मीर के मसले पर पाकिस्तान लगातार तीसरे पक्ष की मध्यस्थता पर जोर दे रहा है लेकिन भारत इस पर सहमत नहीं है।

सियासी मियार की रिपोर्ट