Saturday , September 21 2024

एनडीएमसी ने प्राप्त किया संपत्तिकर से अब तक का उच्चतम संग्रह..

एनडीएमसी ने प्राप्त किया संपत्तिकर से अब तक का उच्चतम संग्रह..

नई दिल्ली, 03 अप्रैल। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने 1 अप्रैल 2022 को वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए अपने अंतिम परिणामों की घोषणा की है, जिसमें एनडीएमसी ने अपना शुद्ध मुनाफा 534.71 करोड़ रूपए बताया है। सभी परिणाम राजस्व और पूंजी खाते दोनों पर बढ़ी हुई प्राप्तियों को दर्शाते हैं। इसमें कुल प्राप्तियां 4019.08 करोड़ रूपए है जो वर्ष के संशोधित अनुमानों से 5.37 प्रतिशत अधिक है। बता दें कि यह संग्रह राजस्व और पूंजी खातों दोनों में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्शाता है।

एनडीएमसी ने बताया कि 3494.21 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्तियां वर्ष के संशोधित अनुमानों से 4.73 प्रतिशत अधिक और पिछले वर्ष के वास्तविक अनुमान से 11.76 प्रतिशत अधिक हैं। पूंजी प्राप्तियां 524.87 करोड़ रूपए भी संशोधित अनुमान से 9.84 प्रतिशत अधिक है। इसमें प्रमुख योगदान संपत्ति कर संग्रह से आया है, जो अब तक के सबसे अधिक 942.32 करोड़ रुपए के आंकड़े पर है जोकि पिछले वर्षों के संग्रह से 36.41 फीसदी अधिक है और 2018-19 में संग्रह से 47.6 फीसदी अधिक है। यह इस तथ्य के बावजूद है कि एनडीएमसी ने पिछले 5 वर्षों से अपनी संपत्ति कर दरों में कोई वृद्धि नहीं की है। वर्ष के दौरान एनडीएमसी ने पिछले बकाया की वसूली और अतिरिक्त करदाता सुविधा के लिए एक नया पोर्टल शुरू करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक अभियान शुरू किया था।

कोविड 19 से प्रभावित पिछले दो वर्षों में अन्यथा कम उत्साहजनक आर्थिक परिदृश्य के बावजूद यह परिणाम प्राप्त हुए हैं। एनडीएमसी ने कर दरों में कोई वृद्धि नहीं की थी और साथ ही कोविड 19 समय के दौरान अपने नागरिकों को विभिन्न राहत और समय सीमा विस्तार भी दिया था। कुछ महत्वपूर्ण प्रयास और पहल, जैसे डिस्कॉम(बिजली वितरण) बजट को अलग करना, ब्लॉकचैन और पेपरलेस वर्किंग जैसी नवीन आईटी पहलों के साथ-साथ ठेकेदारों को पेपरलेस बिल जमा करने की सुविधा संगठन को मजबूत कर रही है और इसके परिणामस्वरूप बेहतर प्रदर्शन हो रहा है।

सियासी मियार की रिपोर्ट