Sunday , September 22 2024

रज़ा के दम पर ज़िम्बाब्वे की विजयी शुरुआत..

रज़ा के दम पर ज़िम्बाब्वे की विजयी शुरुआत..

होबार्ट, । टी20 वर्ल्ड कप के चौथे मैच में जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हरा दिया। सोमवार (17 अक्तूबर) को होबार्ट में जिम्बाब्वे ने ग्रुप बी में 36 रनों से जीत हासिल की। उसके एक मैच में दो अंक हो गए हैं, लेकिन वह नेट रनरेट के आधार पर स्कॉटलैंड से पीछे है। दोनों टीमों के दो-दो अंक हैं। स्कॉटलैंड ने वेस्टइंडीज पर सोमवार को ही बड़ी जीत हासिल की।

मैच में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में सात विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 143 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने तूफानी पारी खेलते हुए 48 गेंद पर 82 रन बनाए। उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के लगाए। सिकंदर का स्ट्राइक रेट 170.83 का रहा। उन्होंने एक विकेट भी लिया। सिकंदर को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

जिम्बाब्वे की खराब शुरुआत
जिम्बाब्वे की पारी की बात करें तो छह ओवर में उसने अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इस दौरान 41 रन बनाए थे। रेजिस चकबवा खाता खोले बगैर पहले ही ओवर में आउट हो गए। उन्हें जोशुआ लिटिल ने टकर के हाथों कैच कराया। कप्तान क्रेग इर्विन 12 गेंद पर नौ रन बनाकर सिमी सिंह का शिकार बने। वेस्ले मधेवेरे ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 19 गेंद पर 22 रन बनाए।

सिकंदर रजा ने जिम्बाब्वे को 170 के पार पहुंचाया
तीन विकेट गिर जाने के बाद सीन विलियम्स और सिकंदर रजा ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 27 गेंद पर 42 रनों की साझेदारी की। विलियम्स 11 गेंद पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सिकंदर रजा ने इसके बाद मिल्टन शुंबा के साथ पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने 35 गेंद पर 58 रन जोड़े। शुंबा ने 14 गेंद पर 16 रन बनाए। उनके बाद रयान बर्ल एक रन पर आउट हो गए। सिकंदर ने सातवें विकेट के लिए ल्यूक जोंगवे के साथ 17 गेंद पर 33 रन जोड़कर जिम्बाब्वे को 170 के पार पहुंचाया। जोंगवे 10 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड के लिए जोशुआ लिटिल ने तीन विकेट लिए। मार्क अडायर और सिमी सिंह को दो-दो सफलता मिली।

आयरलैंड के बल्लेबाज नहीं चले
आयरलैंड के शुरुआती चार बल्लेबाज इस मैच में फेल रहे। पॉल स्टर्लिंग खाता नहीं खोल सके। कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने तीन रन ही बनाए। लॉरकर टकर 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे और हैरी टैक्टर एक रन ही बना सके। कर्टिस कैंफर ने 27, जॉर्ज डॉकरेल और गैरेथ डेलनी ने 24-24 रन बनाकर आयरलैंड को मैच में तो बनाए रखा, लेकिन तीनों अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। बैरी मैककार्थी ने नाबाद 22, मार्क अडायर ने नौ और जोशुआ लिटिल ने नाबाद सात रन बनाए। सिमी सिंह खाता नहीं खोल सके। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। रिचर्ड नगारवा और तेंदई चतरा को दो-दो सफलता मिली। सीन विलियम्स और सिकंदर रजा ने एक-एक विकेट लिए।

सियासी मीयार की रिपोर्ट