Sunday , September 22 2024

शिवपाल समेत जो भी सहयोग करेगा,उसका स्वागत : केशव..

शिवपाल समेत जो भी सहयोग करेगा,उसका स्वागत : केशव..

एटा,। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा करते संकेत दिया कि इस अहम चुनाव में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का सहयोग लेने में भी पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य का नामांकन करवाने मैनपुरी जाते समय एटा मे पत्रकारों से बातचीत में श्री मौर्य ने प्रसपा अध्यक्ष से सहयोग लेने के सवाल पर कहा “ जो भी सहयोग करेगा उसका सबका स्वागत है। कमल खिलाने के लिये लोग तैयार हैं। आजमगढ़ मे कमल खिलाफ चुका है, रामपुर मे कमल खिल चुका है, गोला उप चुनाव मे कमल खिल चुका है, मैनपुरी उप चुनाव मे कमल खिलेगा। रामपुर विधान सभा उप चुनाव मे कमल खिलेगा। कमल खिलने का युग आ गया है, साइकिल को जनता ने पंचर पर दिया है।”
श्री शिवपाल यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच नाराजगी का भाजपा को फायदा मिलने के प्रश्न पर उन्होने कहा “ हम किसी की नाराजगी का फायदा नहीं लेते है। हम लोगो से सेवा करने का अवसर मांग रहे हैं और निश्चित तौर से रघुराज शाक्य ही जीतेंगे। फिरोजाबाद, बदायूं, आजमगढ़,रामपुर जिसे सपा अपना गढ़ समझती थी वो अब भाजपा का गढ़ है।”
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के प्रति सम्मान जताते हुये उन्होने कहा कि उनकी पार्टी श्री यादव के प्रति सम्मान के कारण कभी भी पूरी मजबूती से उनके खिलाफ प्रचार नहीं करती थी। आदरणीय मुलायम सिंह यादव का हमारा नेतृत्व भी सम्म्मान करता था, पार्टी भी सम्मान करती थी,इसलिए उनके खिलाफ प्रचार नहीं करते थे और यही कारण है कि अभी तक मैनपुरी लोकसभा मे भाजपा को जीत नहीं मिली है।

सियासी मियार की रिपोर्ट