दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, घर में हाथ-पैर बंधे हुए मिली थी महिला.

ग्रेटर नोएडा,। हल्द्वानी गांव में रहने वाली एक विवाहिता की बीती शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। थाना ईकोटेक-3 पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
एसीपी रूद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती शाम हल्द्वानी में रहने वाली मलका नामक महिला ने डॉयल-112 पर फोन कर अपनी भाभी फातिमा की अज्ञात लोगों द्वारा हत्या किये जाने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना ईकोटेक-3 प्रभारी पवन कुमार को पता चला कि एकदंत रेजिडेंट सोसाइटी हल्द्वानी में रहने वाले सलमान की पत्नी फातिमा की यथार्थ अस्पताल में मौत हो गई है।
सलमान ने बताया कि सोमवार को करीब 3.30 बजे उसकी बहन मलका उसके घर से गई थी। मलका के जाने के करीब 20 मिनट बाद उसके पास फातिमा का फोन आया कि गाजियाबाद से कोई व्यक्ति उससे मिलने आया है। फोन आने के बाद जब वह घर पहुंचा तो उसे फातिमा अचेत अवस्था में पड़ी हुई मिली और उसके हाथ पैर बंधे हुए थे।
एसीपी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर फातिमा के पिता रमजानी सहित अन्य मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। रमजानी ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी का ससुराल वालों द्वारा लगातार उत्पीडऩ किया जा रहा था। फातिमा की ननद मलका, पति सलमान तथा अन्य परिजन उसे दहेज के लिए उत्पीडि़त करते थे। इसके अलावा उसे खूबसूरत ना होने का भी अक्सर ताना दिया जाता था। रमजानी ने सलमान सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। इस वारदात में किसी बाहरी नहीं बल्कि जानकार व्यक्ति का हाथ है। सलमान फातिमा के हाथ पैर बंधे होने की बात कह रहा है लेकिन उसके हाथ व पैर पर रस्सी से बांधे जाने के कोई निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal