रोड ओवर ब्रिज व सड़क निर्माण की 80 परियोजनाएं मंजूर, 2025 तक 24 हो जाएंगी पूरी..

नई दिल्ली, । केंद्र सरकार ने गुरुवार को लोकसभा को बताया कि रोड ओवर ब्रिज (सड़क उपरिपुल) सहित सड़कों व राजमार्गों के निर्माण के लिए 46960.52 करोड़ रुपये की लागत से कुल 80 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। 80 परियोजनाओं में से 24 पर काम चल रहा है और अगस्त 2025 तक पूरा होने की संभावना है।
यह जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र राज्य को एस साथ वित्तीय वर्ष 2021-22 और चालू वर्ष के दौरान 46960.52 करोड़ रुपये की लागत की कुल 80 परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क के ऊपर पुल वाली परियोजनाओं सहित सड़कों व राजमार्गों के निर्माण के लिए मंजूरी दी गई है।
राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए निधि परियोजना-वार आवंटित नहीं की जाती है, लेकिन राज्य-वार व संघ राज्य क्षेत्र-वार आवंटित की जाती है। वित्तीय वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर व महाराष्ट्र राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए मंत्रालय द्वारा कुल मिलाकर 45117.02 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
पिछले वर्ष और चालू वर्ष के दौरान स्वीकृत 80 परियोजनाओं में से, 21288.98 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनके अगस्त 2025 तक पूरा होने की संभावना है। शेष 56 परियोजनाएं बोली लगाने के विभिन्न चरणों में हैं।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal