Monday , September 23 2024

झारखंड में सर्च ऑपरेशन के दौरान घायल इंस्पेक्टर मेडिका में भर्ती, 10 आईईडी बरामद..

झारखंड में सर्च ऑपरेशन के दौरान घायल इंस्पेक्टर मेडिका में भर्ती, 10 आईईडी बरामद...

रांची, 10 दिसंबर । पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा क्षेत्र में टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगड़ा में नक्सलियों के खिलाफ जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार सुबह आईईडी ब्लास्ट होने से कोबरा बटालियन के एक इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया और मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस ने 10 आईईडी बम बरामद किया है, जिन्हें निष्क्रिय कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार पोड़ाहाट अनुमंडल के नक्सल प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुईड़ा पंचायत अंतर्गत गीतीलिपि गांव में सीआरपीएफ 60 बटालियन झारखंड पुलिस के साथ मिलकर नक्सलियों के विरुद्ध सर्च अभियान चला रही थी। इस दौरान थाना क्षेत्र के ड़ेंगड़ाहातु में नक्सलियों के लगाए आईईडी पर इंस्पेक्टर का पांव पड़ गया और विस्फोट हो गया। इसमें इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी ओर गोइलकेरा थाना क्षेत्र के ईचाहातु गांव के पास जवानों ने पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल के रास्ते में लगाए गए 10 आईईडी बम बरामद कर नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फेर दिया है। पुलिस बमों को निष्क्रिय कर फिर से सर्च अभियान में जुट गयी है।

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बल के जवान भाकपा माओवादी नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इस क्रम में रेंगड़ाहातु गांव से करीब तीन किलोमीटर उत्तरी क्षेत्र जंगल में नक्सलियों के लगाए गए आईडी ब्लास्ट होने कोबरा बटालियन के इंस्पेक्टर प्रभाकर साहनी घायल हो गये। उन्हें रांची ले जाया गया है।

उल्लेखनीय है कि हफ्ते भर पूर्व ही रेंगड़ाहातु गांव के पास पुलिस और सुरक्षा बलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें पांच जवान घायल हो गए थे।

सियासी मियार की रिपोर्ट