केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं किए जाने पर नड्डा ने नवीन सरकार को घेरा..

भुवनेश्वर,। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को ओडिशा में लागू नहीं किए जाने पर नवीन पटनायक की सरकार पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि राज्य में सरकार कौन चला रहा है, यह पता नहीं चल पा रहा है।
नड्डा ने बुधवार को कंधमाल जिले के तुमुडीबंध में पार्टी की एक जनसभा में कहा कि केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था की है, लेकिन इस योजना को ओडिशा में नवीन सरकार ने लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा का कोई व्यक्ति यदि काम के लिए मुंबई में है और वहां वह बीमार होता है तो क्या नवीन सरकार वहां उसका इलाज करा पाएगी। यह मोदी के आयुष्मान के भारत के द्वारा हो सकता है, लेकिन नवीन सरकार मोदी सरकार की इस योजना को लागू नहीं कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि तुमुडीबंध प्रसिद्ध संत, समाज सुधारक दिवंगत लक्षमणान्द सरस्वती की कर्मभूमि है।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नवीन पटनायक सरकार सो रही है। उन्होंने पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार के मुद्दे पर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि रत्न भंडार की चाबी कहां खो गयी है। राज्य सरकार ने ओडिया विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की थी, लेकिन उस विश्वविद्यालय का क्या हुआ। नवीन सरकार सोई हुई है। इस सरकार को कौन चला रहा है, यह पता नहीं चल पा रहा है।
नड्डा ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों को लेकर नवीन सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने तंज कसा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में ओडिशा सरकार काफी आगे है। जनजातीय समाज और दलितों पर अत्याचार बढ़ा है। अपराधी, पुलिस पर भी हमले कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा एक दिवसीय दौरे पर निर्धारित समय से काफी विलंब से भुवनेश्वर पहुंचे। भुवनेश्वर से वह कंधमाल जिले के लिए रवाना हुए।
केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण अन्न योजना में कंधमाल जिले के जनजातीय लोग समेत भारत के 80 करोड गरीबों को निःशुल्क चावल देने का निर्णय किया गया है। इस तरह की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण प्रधानमंत्री मोदी पर ओडिशा के लोगों का विश्वास में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
प्रधान ने कहा कि मयूरभंज जिले की बेटी द्रौपदी मुर्मु देश के राष्ट्रपति बनी हैं। यह ओडिशा तथा देश के जनजातीय वर्ग के लिए गौरव का विषय़ है। जनजातीय छात्र-छात्राओं को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार पूरे देश में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की स्थापना कर रही है। कंधमाल जिले में भी 8 एकलव्य विद्यालय स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal