Monday , September 23 2024

प्रधानमंत्री ने गैंडों के संरक्षण की दिशा में प्रयासों के लिए असम की सराहना की..

प्रधानमंत्री ने गैंडों के संरक्षण की दिशा में प्रयासों के लिए असम की सराहना की..

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल अवैध शिकार की कोई घटना ना होने और असम में गैंडों के संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए मंगलवार को पूर्वोत्तर के इस राज्य की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के एक ट्वीट को साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘यह एक सुखद समाचार है! असम के लोगों को बधाई, जिन्होंने राह दिखाई है और जो गैंडों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत रहे हैं।’’

इससे पहले शर्मा ने एक ट्वीट में कहा था कि साल 2022 में असम में गैंडों के शिकार की कोई भी घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा, ‘‘गैंडों के संरक्षण के हमारे प्रयासों के लिए 2022 वास्तव में बहुत विशेष रहा। 2022 में एक भी गैंडे का शिकार नहीं हुआ और 2021 में सिर्फ दो ऐसी घटनाएं हुई थी। गैंडे असम में अब सुरक्षित हैं।’’ इस प्रयास के लिए मुख्यमंत्री ने असम वन विभाग और असम पुलिस की सराहना की।

सियासी मियार की रिपोर्ट