Monday , September 23 2024

मेरे फोन में पेगासस था, गुप्तचर अधिकारियों ने सावधान रहने के लिए बोला था : राहुल गांधी..

मेरे फोन में पेगासस था, गुप्तचर अधिकारियों ने सावधान रहने के लिए बोला था : राहुल गांधी..

लंदन/नई दिल्ली,। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके और कई अन्य विपक्षी नेताओं के फोन में पेगासस स्पाइवेयर था और गुप्तचर अधिकारियों ने खुद उन्हें फोन करके बताया था कि बातचीत करते हुए वह सावधान रहें क्योंकि उनकी बातों को रिकॉर्ड किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने मशहूर कैंब्रिज विश्वविद्यालय में दिए व्याख्यान में यह आरोप भी लगाया कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट कर रहे हैं। ‘‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’’ के प्रमुख सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी के व्याख्यान का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर जारी किया है।

राहुल गांधी ने इस व्याख्यान में अपनी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ और चीन के संदर्भ में विस्तार से बातचीत की है। उन्होंने भारत में विपक्षी नेताओं की ‘‘निगरानी किए जाने’’ का उल्लेख करते हुए दावा किया, ‘‘मेरे फोन में पेगासस था, कई और नेताओं के फोन में भी पेगासस था। गुप्तचर अधिकारियों ने मुझे फोन करके बताया कि फोन पर बातचीत करते हुए कृपया सावधान रहें क्योंकि हम (आपकी बातों को) रिकॉर्ड कर रहे हैं।’’

राहुल गांधी ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ निकालने के कारण के संदर्भ में कहा ‘‘जब लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला हो रहा है तो विपक्ष के तौर पर हमारे लिए संवाद करना बहुत मुश्किल हो जाता है। इसलिए हमने भारत की संस्कृति और इतिहास की तरफ मुड़ने का फैसला किया। आप ने दांडी यात्रा के बारे में सुना होगा जो महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ निकाली थी।’’ उन्होंने कहा कि इस ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ का मकसद सिर्फ दूरी तय करना नहीं था बल्कि लोगों को सुनना था। राहुल गांधी ने यह दावा भी किया कि भारत में मीडिया और कई अन्य संस्थाओं को कब्जे में कर लिया गया है।

मई 2022 में भी कैंब्रिज में स्पीच दी थी, मोदी पर बयान की हुई थी आलोचना
राहुल गांधी इससे पहले मई 2022 में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी गए थे। यहां पर उन्हें आईडियाज फॉर इंडिया विषय पर बोलना था। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी सरकार देश की संवैधानिक संस्थाओं जैसे संसद और चुनाव आयोग को उनका काम नहीं करने दे रहे हैं। भाजपा ने उनके इस बयान पर ऐतराज जाहिर किया था। सवाल पूछा था कि देश के प्रधानमंत्री पर विदेश में ऐसा बयान क्यों दिया?

ब्रिटेन दौरे पर राहुल का नया लुक चर्चा में रहा
लंदन पहुंचने पर राहुल का नया लुक सबसे ज्यादा सुर्खियों में था। राहुल नए लुक में कैंब्रिज पहुंचे तो एक फैन ने उनके साथ फोटो शेयर की। इसमें राहुल सेट की हुई दाढ़ी, कोट और टाई में नजर आ रहे हैं। 7 सितंबर 2022 में शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा के करीब 6 महीने बाद राहुल का लुक बदला हुआ नजर आ रहा है।

लर्निंग टु लिसन यानी सुनने की कला पर भी बोले थे राहुल
राहुल के 7 दिन के ब्रिटेन दौरे की शुरुआत मंगलवार से हुई। उन्होंने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में बिजनेस स्कूल के छात्रों को संबोधित किया था। राहुल ने कहा कि हम एक ऐसी दुनिया को बनते हुए नहीं देख सकते, जो लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी हुई न हो। इसलिए, इस बारे में हमें नई सोच की जरूरत है। सुनने की कला बहुत पावरफुल होती है।

राहुल कैंब्रिज के छात्र रह चुके, सुरक्षा के चलते दूसरे नाम से डिग्री ली थी
राहुल गांधी ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में रॉल विंची के नाम से पढ़ाई की थी। उन्होंने डेवलपमेंट स्टडी में 1995 में एमफिल किया था। नाम इसलिए बदलना पड़ा था, क्योंकि पिता राजीव गांधी की हत्या के बाद सभी राहुल की सुरक्षा को लेकर फिक्रमंद थे। राहुल की डिग्री को लेकर जब विवाद शुरू हुआ तो तब कैम्ब्रिज की उपकुलपति रही प्रो. एलिसन रिचर्ड ने भी एक पत्र लिखा और बताया कि राहुल ने रॉल विंची के नाम से डिग्री हासिल की थी।

सियासी मियार की रिपोर्ट