Monday , September 23 2024

शतकवीर शुभमन गिल ने आईपीएल में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, इन खिलाड़ियों को भी छोड़ा पीछे..

शतकवीर शुभमन गिल ने आईपीएल में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, इन खिलाड़ियों को भी छोड़ा पीछे..

नई दिल्ली, आईपीएल 2023 के क्वालीफायर-2 में शुभमन गिल ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 60 गेंदों पर 129 रन जड़ दिए। उन्होंने 10 छक्के और 7 चौके जमाए। स्ट्राइक रेट 215 का रहा। यह आईपीएल सीजन में उनका तीसरा शतक रहा। इसके साथ ही शुभमन गिल आईपीएल प्लेऑफ में शतक लगाने वाले सातवें खिलाड़ी बने हैं। साथ ही गिल आईपीएल प्लेऑफ में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 23 साल और 261 दिन की उम्र में यह शतक लगाया है। अब फाइनल मुकाबले में गुजरात की टक्कर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम से होगी। यह खिताबी मुकाबला रविवार (28 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

शुभमन गिल ने बनाया दूसरा सर्वाधिक निजी स्कोर

आईपीएल इतिहास में शुभमन गिल अब बतौर भारतीय खिलाड़ी सर्वाधिक निजी स्कोर बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर लोकेश राहुल हैं, जिन्होंने साल 2020 में खेले गए सीजन में आरसीबी के खिलाफ 132 नाबाद रनों की पारी खेली थी. वहीं अब गिल 129 रनों की पारी के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय

केएल राहुल- 132 नाबाद vs आरसीबी, 2020
शुभमन गिल- 129 vs मुंबई इंडियंस, 2023
ऋषभ पंत- 128 नाबाद vs सनराइजर्स हैदराबाद, 2018
मुरली विजय- 127 vs राजस्थान रॉयल्स, 2010
आईपीएल प्लेऑफ की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले खिलाड़ी गिल बने। (10 छक्के)

आईपीएल प्लेऑफ में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड

129- शुभमन गिल (GT) vs MI, अहमदाबाद, 2023 Q2 
122- वीरेंद्र सहवाग (PBKS) vs CSK, मुंबई वानखेड़े, 2014 Q2 
117*- शेन वॉटसन (CSK) vs SRH, मुंबई वानखेड़े, 2018 Final 
115*- ऋद्धिमान साहा (PBKS) vs KKR, बेंगलुरु, 2014 Final

एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड

 4 - विराट कोहली (RCB, 2016)
 4 - जोस बटलर (RR, 2022) 
3 - शुभमन गिल (GT, 2023)

शुभमन गिल की 800 के क्लब में एंट्री

शुभमन गिल आईपीएल के एक सीजन में 800 प्लस रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी बने। उनसे पहले विराट कोहली, जोस बटलर और डेविड वॉर्नर ने ही ऐसा किया था। वह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अब तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनके नाम इस सीजन 16वें मैच में 851 रन दर्ज हो गए हैं। उनसे ज्यादा रन बनाने के मामले में एक सीजन में अब जोस बटलर (863 रन, 2022) और विराट कोहली (973 रन, 2016) ही आगे हैं। इस सीजन अब लगभग तय हो गया है कि वह ऑरेंज कैप जीतेंगे।

सियासी मियार की रिपोर्ट