Tuesday , September 24 2024

केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया ने योगाभ्यास कर खुद को चुस्त-दुरुस्त रखने का दिया मंत्र..

केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया ने योगाभ्यास कर खुद को चुस्त-दुरुस्त रखने का दिया मंत्र..

-विश्व में योग को पहचान दिलाने में भारत का अहम योगदान : अनुप्रिया पटेल

-योग मनुष्य को बनाता है दीर्घायु : अनुप्रिया

मीरजापुर,। 9वां अंतर-राष्ट्रीय योग दिवस पर केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही योग किया जा रहा है। योग भारतवंशियों की देन है। यह हमारी संस्कृति से आज भी जुड़ा हुआ है। शरीर को स्वस्थ रखने में योग की बड़ी भूमिका है। अपने यहां स्वास्थ्य को ‘धन’ कहा गया है, इस नाते रोजाना योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ्य रखें। उन्होंने कहा कि विश्व में योग को पहचान दिलाने में भारत का अहम योगदान है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों द्वारा 21 जून को ‘अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस’ को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। आज योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विश्व भर में योग दिवस मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम नगर के महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज के प्रागंण में मनाया गया। उन्होंने कहा कि यह दिन उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लम्बा दिन होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घायु बनाता है।

मुख्य अतिथि के साथ ही राज्यसभा सांसद रामसकल, अरूण सिंह, एमएलसी श्याम नरायण उर्फ विनीत सिंह, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान रमाशंकर सिंह, चुनार अनुराग पटेल, मझवां डा. विनोद बिंद, छानबे रिंकी कोल व अन्य जनप्रतिनिधि सहित मंडलायुक्त डा. मुथुकुमार स्वामी बी., जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. श्रीकांत रजक के साथ सभी जनपदीय अधिकारियों समेत जनपद के लगभग एक हजार लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर इस दिवस को खास बनाया।

सियासी मियार की रिपोर्ट