हिप्र में जानलेवा बारिश, शिमला जिले में गिरा मकान, दंपति और बच्चे की मौत…

शिमला, 09 जुलाई । हिमाचल प्रदेश में दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे पूरे प्रदेश का जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन से भारी तबाही हुई है।
शिमला जिला में एक घर गिर गया। इसके मलबे में दबने से दंपति और बच्चे की मौत हो गई और दो अन्य चोटिल हुए। भूस्खलन की यह घटना ठियोग-कुमारसैन विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील कोटगढ़ के ग्राम पंचायत मधावनी के पानेवली गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक पानेवली गांव में बीती रात एक मकान भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया। भारी वर्षा के कारण चट्टान युक्त मलबा इस मकान पर गिरा। इस मकान में दंपति समेत छह लोग सो रहे थे। इसमें अनिल (32) पुत्र जयचंद, किरण (31) पत्नी अनिल और स्वप्निल (11) पुत्र अनिल की मलबे में दबने के कारण मौत हो गई है। परिवार के अन्य सदस्यों जयचंद और उनकी पत्नी बीना देवी को हल्की चोट आई है। इस घटना से परिवार में कोहराम है।
उल्लेखनीय है राज्य में 24 जून को मानसून के आगमन के बाद से बारिश से जुड़ी आपदाएं सामने आ रही हैं। अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 48 लोगों की मौत हो चुकी है और 80 घायल हो गए, जबकि चार लापता हैं। 354 मवेशी भी इस दौरान मारे गए हैं। इसके अलावा 70 कच्चे-पक्के मकान, सात दुकानें और 34 पशुशालाएँ भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। मानसून सीजन में अब तक 362 करोड़ रुपये की संपत्ति की क्षति हुई है। लोक निर्माण विभाग को 204 करोड़ की क्षति हुई है, जबकि जलशक्ति विभाग को 127 करोड़ और बागबानी विभाग को 26 करोड़, बिजली बोर्ड को 92 लाख और शहरी विकास विभाग को 38 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बीते दो सप्ताह में भूस्खलन की 18, बाढ़ की 15 और बादल फटने की एक घटना सामने आई है।
राज्य भर में भूस्खलन की वजह से 150 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। भारी वर्षा से कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। मलबा गिरने से कालका-शिमला रेल मार्ग पर रेलों की आवाजाही बंद है। राज्य की सभी प्रमुख नदियां व नाले उफान पर हैं। ब्यास नदी कुल्लू और मंडी शहरों में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
मौसम विज्ञान विभाग ने आज मैदानी एवं मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के कुल 12 में से सात के लिए रेड अलर्ट है। इनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कूल्लु और मंडी शामिल हैं। राजधानी शिमला में भी भारी वर्षा होने की संभावना है। शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट और लाहौल-स्पीति जिला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कूल्लु, लाहौल-स्पीति और सिरमौर जिलों में बाढ़ की भी चेतावनी दी गई है।
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal