Sunday , September 22 2024

तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों ने चुनौतीपूर्ण समुद्री यात्रा पूरी की.

तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों ने चुनौतीपूर्ण समुद्री यात्रा पूरी की.

नई दिल्ली,। तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों के एक दल ने अरब सागर में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में करीब चार सप्ताह की कठिन समुद्री यात्रा पूरी कर ली है। इसके चालक दल में सभी महिलाएं हैं।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना की 12 बहादुर महिला अधिकारियों वाले चालक दल ने सितंबर में होने वाली वैश्विक जलयात्रा प्रतिस्पर्धा की तैयारी के लिए यह समुद्री यात्रा की।

उन्होंने बताया कि इन महिला कर्मियों ने ‘आर्मी एडवेंचर विंग’ और ‘कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग’ के ‘आर्मी एक्वा नोडल सेंटर’ के बैनर तले यह यात्रा शुरू की।

सेना के एक अधिकारी ने बताया कि कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण वैश्विक जलयात्रा के मद्देनजर शुरू किया गया यह मिशन 27 दिन में पूरा हुआ और इसमें सबसे कठिन समुद्री परिस्थितियों में उनके धैर्य और कौशल का परीक्षण किया गया।

मुंबई से लक्षद्वीप तक यह प्रशिक्षण अभियान शुक्रवार को औपचारिक रूप से समाप्त हो गया। महिला नाविकों ने पहले ही 6,000 समुद्री मील का प्रशिक्षण हासिल कर लिया है।

अधिकारी ने बताया कि चालक दल अपने आप को ‘अराउंड द वर्ल्ड सेलिंग कम्पीटिशन’ के लिए तैयार कर रहा है जो भारतीय सेना के इतिहास में मील का एक महत्वपूर्ण पत्थर साबित होगा।

उन्होंने बताया कि यह यात्रा चार चरणों में पूरी की गयी और प्रत्येक चरण में चालक दल के लिए विशिष्ट चुनौतियां और सीखने के नए अवसर आए जिससे आगामी वैश्विक जल यात्रा चुनौती के लिए उनकी क्षमताएं मजबूत हुई हैं।

अधिकारी ने कहा, ”यह अभियान केवल उपलब्धि हासिल करने के बारे में नहीं है बल्कि सांस्कृतिक और लैंगिक बाधाओं को तोड़ने के बारे में भी है। यह पहल ‘नारी शक्ति’ का जश्न मनाती है और समावेशिता तथा विविधता की महत्ता पर जोर देती है।”

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में इन बहादुर महिला नाविकों की उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट