Saturday , September 21 2024

लोकसभा चुनाव: छत्तीसगढ़ में भाजपा 10 सीट पर लगातार आगे, एक सीट पर कांग्रेस की बढ़त..

लोकसभा चुनाव: छत्तीसगढ़ में भाजपा 10 सीट पर लगातार आगे, एक सीट पर कांग्रेस की बढ़त..

रायपुर, 04 जून। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार राज्य की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 10 सीट पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस एक मात्र कोरबा सीट पर आगे है।

राज्य में मंगलवार सुबह आठ बजे 33 केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हुई। पहले आधे घंटे में डाक मतपत्रों की गिनती की गई तथा बाद में ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई।

राज्य में महत्वपूर्ण राजनांदगांव सीट पर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जो शुरू में आगे चल रहे थे, भाजपा के मौजूदा सांसद संतोष पांडेय से 36,032 मतों से पीछे चल रहे हैं।

एक अन्य महत्वपूर्ण सीट रायपुर में, भाजपा के प्रभावशाली नेता बृजमोहन अग्रवाल कांग्रेस के विकास उपाध्याय से 2,22,007 मतों के बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं।

दुर्ग में भाजपा के मौजूदा सांसद विजय बघेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राजेंद्र साहू से 2,13,873 मतों से आगे चल रहे हैं।

नक्सल प्रभावित बस्तर सीट (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) पर भाजपा के महेश कश्यप कांग्रेस के तेजतर्रार नेता कवासी लखमा से 29,500 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।

बिलासपुर सीट पर भाजपा के पूर्व विधायक तोखन साहू कांग्रेस के मौजूदा विधायक देवेंद्र यादव से 39,379 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।

सरगुजा (एसटी) में, पिछले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस से अलग हुए भाजपा के चिंतामणि महाराज, कांग्रेस की शशि सिंह से 87,314 वोटों से आगे चल रहे हैं।

आदिवासी बहुल रायगढ़ में भाजपा के राधेश्याम राठिया कांग्रेस की डॉ. मेनका देवी सिंह से 1,60,726 वोटों से आगे चल रहे हैं। सिंह सारंगढ़ के पूर्व राजघराने से ताल्लुक रखती हैं।

महासमुंद सीट पर, भाजपा की रूपकुमारी चौधरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से 50,423 वोटों से आगे चल रही हैं।

कांकेर सीट पर, भाजपा के भोजराज नाग कांग्रेस के बीरेश ठाकुर से 19,970 वोटों से आगे चल रहे हैं।

राज्य में एकमात्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित जांजगीर-चांपा सीट पर, भाजपा की महिला नेता कमलेश जांगड़े कांग्रेस के पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया से 44,690 वोटों से आगे चल रही हैं।

राज्य में कांग्रेस केवल कोरबा सीट पर बढ़त बनाने में सफल रही है, जहां मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत, जो विपक्ष के नेता चरणदास महंत की पत्नी हैं, भाजपा की प्रभावशाली महिला नेता सरोज पांडे से 8,800 मतों के अंतर से आगे हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट