Friday , September 20 2024

उज्जैन : जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुई भोलेनाथ की नगरी, यादव हुए विभिन्न आयोजनों में शामिल..

उज्जैन : जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुई भोलेनाथ की नगरी, यादव हुए विभिन्न आयोजनों में शामिल..

उज्जैन, 27 अगस्त । जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की नगरी मध्यप्रदेश का उज्जैन पूरी तरह कृष्णमय हो गया, जिस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ना केवल विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किए, वहीं वे विभिन्न आयोजनों में भी शामिल हुए।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कल देर रात भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली सांदीपनी पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की सपत्निक पूजा-अर्चना कर अभिषेक किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर आयोजित महाआरती में भी शामिल हुए। सांदीपनी आश्रम में पुलिस बैंड द्वारा सुमधुर कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री ने भी भक्ति में डूब कर भजन गया। उन्होंने पुलिस बैंड की सुमधुर प्रस्तुति पर प्रोत्साहन स्वरूप प्रत्येक जवान को 10 हजार रुपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री की मंशानुरूप पूरे प्रदेश के साथ उज्जैन में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूरे धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उज्जैन के प्रमुख गोपाल मंदिर, इस्कॉन मंदिर, श्री कृष्ण मित्रविंदा मंदिर, सांदीपनी आश्रम सहित अन्य भगवान कृष्ण के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। प्रमुख मंदिरों में मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा श्रीकृष्ण पर्व के तहत ‘श्रीकृष्ण कला की अभिव्यक्तियां’ थीम पर लोकप्रिय कलाकरों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उज्जैन के सभी शासकीय अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी भगवान श्री कृष्ण की जीवन से जुड़े प्रसंग और दर्शन पर परिसंवाद के कार्यक्रम आयोजित हुए।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद गोपाल मंदिर पहुंचकर द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने शहर सहित प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी।

सियासी मियार की रीपोर्ट