रांची में 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता का आगाज़

रांची में 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता का आगाज़

-देशभर के 700 दिग्गज एथलीट पदक के लिए दिखाएंगे अपना दमखम

रांची, 22 मई। राजधानी रांची का मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। 22 से 25 मई तक आयोजित होने वाली 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में देश भर के करीब 700 खिलाड़ी और 150 तकनीकी पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ और झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता भारतीय एथलेटिक्स के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

यह प्रतियोगिता केवल राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 और एशियन अंडर-23 चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों के चयन का मुख्य आधार होगी। इसमें कई ओलंपियन और एशियन गेम्स पदक विजेता अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन से भारत में वर्ल्ड एथलेटिक्स के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘जेंडर टेस्टिंग’ (DSD) की नई व्यवस्था भी पहली बार लागू की जा रही है, जो इसे ऐतिहासिक बनाती है।

आयोजन को पारदर्शी बनाने के लिए नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी की 12 सदस्यीय टीम विशेष रूप से तैनात की गई है, जो खिलाड़ियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगी। इसके अतिरिक्त, एथलेटिक्स कोचों के लिए सेमिनार और ट्रेनिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय ट्रैक, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस प्रतियोगिता को लेकर रांची के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है और यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न होगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट