Sunday , October 18 2026

सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से नौ का बाजार पूंजीकरण 3.65 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से नौ का बाजार पूंजीकरण 3.65 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से नौ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 3.65 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारती एयरटेल और इन्फोसिस सबसे अधिक लाभ में रहीं।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 625.7 अंक यानी 2.77 प्रतिशत के लाभ में रहा।

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और इन्फोसिस के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। वहीं, लार्सन एंड टुब्रो एकमात्र ऐसी कंपनी रही, जिसके बाजार मूल्यांकन में गिरावट दर्ज की गई।

सप्ताह के दौरान टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 1,08,542.63 करोड़ रुपये बढ़कर 8,91,134.96 करोड़ रुपये हो गया। शीर्ष 10 कंपनियों में यह सबसे बड़ी बढ़त रही।

भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 61,406.53 करोड़ रुपये बढ़कर 11,88,815.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

इन्फोसिस की बाजार हैसियत 55,893.05 करोड़ रुपये बढ़कर 4,71,409.41 करोड़ रुपये हो गई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार पूंजीकरण में 53,047.56 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और यह 16,37,437.19 करोड़ रुपये रहा।

एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 32,379.05 करोड़ रुपये बढ़कर 11,22,628.07 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 30,769.95 करोड़ रुपये बढ़कर 10,02,871.44 करोड़ रुपये रहा।

बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्यांकन 14,786.65 करोड़ रुपये बढ़कर 6,11,326.72 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 4,933.50 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 5,02,204.82 करोड़ रुपये रहा।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाजार हैसियत 3,323.07 करोड़ रुपये बढ़कर 8,87,722.84 करोड़ रुपये हो गई।

इस रुख के उलट लार्सन एंड टुब्रो का बाजार पूंजीकरण 9,232.26 करोड़ रुपये घटकर 4,99,725.06 करोड़ रुपये पर आ गया।

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमश: भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, एलआईसी, लार्सन एंड टुब्रो और इन्फोसिस का स्थान रहा।

सियासी मियार की रीपोर्ट