न्यूजीलैंड की महिला टीम ने इंग्लैंड को 14 रनों से हराया

कैंटरबरी, सोफी डिवाइन (87) और मैडी ग्रीन (नाबाद 56) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने शनिवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड को 14 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की महिला टीम न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 156 रन ही बना सकी और मुकाबला 14 रनों से हार गई। इंग्लैंड के लिए मैया बाउचियर ने सर्वाधिक (38) रन बनाये। सोफिया डंकले (26), हीथर नाइट (25), एलिस कैप्सी (22), फ्रेया केम्प (14) और डैनी गिब्सन (12) रन बनाकर आउट हुई। न्यूजीलैं के लिए नैंसी पटेल ने दो विकेट लिये। ब्री इलिंग, ली ताहुहू, मेली केर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 170 रनों का स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र 11 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये। इसाबेला गेज (चार), जॉर्जिया प्लिमर (शून्य), मेली केर (शून्य) और ब्रुक हॉलिडे तीन रन बनाकर आउट हुई। ऐसे संकट के समय सोफी डिवाइन और मैडी ग्रीन ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 159 रन जोड़े। पारी की आखरी गेंद पर सोफी डिवाइन रनआउट हुई। उन्होंने 57 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए 87 रन बनाये। मैडी ग्रीन ने 48 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 56 रन बनाये। इंग्लैंड के लिए लिन्सी स्मिथ ने तीन विकेट लिये। लॉरेन बेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal