श्रेयस का नाबाद शतक, लखनऊ को सात विकेट से हराकर पंजाब किंग्स ने रखा प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा

श्रेयस का नाबाद शतक, लखनऊ को सात विकेट से हराकर पंजाब किंग्स ने रखा प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा

लखनऊ, । कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 101) की शानदार शतकीय और प्रभसिमरन सिंह (69) अर्धशतकी पारियों की बदौलत पंजाब किंग्स ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 68वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीद को जिंदा रखा।

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया और पंजाब को 18 ओवर में जीत दिला दी। अब पंजाब का भाग्य राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथ में है। अगर राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को मुम्बई को हरा दिया तो फिर पंजाब किंग्स टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। हालांकि अगर कल मुम्बई ने आरआर को हरा दिया तो फिर सारी निगाह केकेआर बनाम दिल्ली कैपिटल्स के मुक़ाबले पर होंगी। उस स्थिति में केकेआर को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करनी होंगी। कुल मिलाकर रविवार का दिन प्लेऑफ की चौथी टीम तय करेगा। 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को मोहम्मद शमी ने पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य (शून्य) को आउटकर पहला झटका दिया। तीसरे ओवर में शमी ने 20 रन के स्कोर पर कूपर कॉनली (18) का शिकार कर लिया। ऐसे संकट के समय कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रभसिमरन सिंह के साथ तीसरे विकेट लिए 140 रन जोड़ कर अपनी टीम की मैच में वापसी कराई। 15वें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर ने प्रभसिमरन सिंह को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए 69 रनों की पारी खेली। पंजाब किंग्स ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 200 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 101 रन बनाये। सूर्यांश शेडगे नौ रन बनाकर नाबाद रहे।

लखनऊ सुपर जायंट्स् के लिए मोहम्मद शमी ने दो विकेट लिये। अर्जुन तेंदुलकर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां जॉश इंग्लिस (72), आयुष बडोनी (43) और अब्दुल समद (नाबाद 37) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ छह विकेट पर 196 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत खराब रही और उसने 20 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। अर्शिन कुलकर्णी (शून्य) और निकोलस पूरन (दो) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये आयुष बडोनी ने जॉश इंग्लिस के साथ पारी को संभलाने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट लिये 49 रन जोड़े। सातवें ओवर में यजुवेंद्र चहल ने बडोनी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। बडोनी ने 18 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए 43 रनों की पारी खेली। 14वें ओवर में चहल ने रिषभ पंत (26) रन को आउट किया।

17वें ओवर में शशांक सिंह ने शतक की ओर बढ़ रहे जॉश इंग्लिस को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इंग्लिस ने 44 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के लगाते हुए 72 रनों की पारी खेली। 18वें ओवर में मार्को यानसन ने मुकुल चौधरी (एक) रन को आउट किया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 196 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अब्दुल समद ने 20 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 37) रनों की पारी खेली। अर्जुन तेंदुलकर ने पांच गेंदों में नाबाद पांच रन बनाये।

सियासी मियार की रीपोर्ट