हम सिर्फ नतीजों पर नहीं, अपनी क्रिकेट पर भी ध्यान दे रहे-केकेआर कोच अभिषेक नायर

कोलकाता,इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में करो या मरो की स्थिति में पहुंच चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सहायक कोच अभिषेक नायर ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले टीम का मनोबल ऊंचा रखा है। ईडन गार्डन्स में रविवार को होने वाले इस मुकाबले से पहले नायर ने साफ कहा कि टीम केवल उन चीजों पर ध्यान दे रही है जो उसके नियंत्रण में हैं।
अभिषेक नायर ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,“हमारे हाथ में सिर्फ अपनी तैयारी और अच्छा क्रिकेट खेलना है। बाकी नतीजे हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। जब आप आईपीएल जैसी बड़ी लीग में किसी फ्रेंचाइज़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो हर मैच महत्वपूर्ण होता है।”
केकेआर की प्लेऑफ उम्मीदें अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर हैं, लेकिन नायर ने कहा कि टीम का फोकस केवल अपने प्रदर्शन पर है। उन्होंने बताया कि खराब शुरुआत के बावजूद टीम ने संयम और निरंतरता बनाए रखी।
उन्होंने कहा,“मुश्किल समय में नेतृत्व समूह का सबसे बड़ा काम खिलाड़ियों के साथ लगातार खड़ा रहना होता है। हमने खिलाड़ियों पर भरोसा नहीं खोया। हमने माहौल ऐसा बनाया जहां खिलाड़ी खुद को सुरक्षित महसूस करें।”
केकेआर के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। इसे बड़ा नुकसान बताते हुए नायर ने कहा कि उनकी कमी पूरी करना आसान नहीं होगा।
उन्होंने कहा,“अंगकृष सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, विकेटकीपिंग में भी टीम के लिए बेहद अहम थे। लेकिन आईपीएल अवसरों का टूर्नामेंट है। अब किसी दूसरे खिलाड़ी के लिए आगे आने का मौका है।”
अभिषेक नायर ने टीम के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की प्रतिबद्धता की खुलकर सराहना की। उन्होंने बताया कि चोटों से जूझने के बावजूद वरुण लगातार टीम के लिए खेलते रहे।
नायर बोले,“उन्होंने इस सीजन में दो उंगलियां और पैर की चोट के बावजूद खेला। यह दिखाता है कि उनका टीम और फ्रेंचाइज़ी के प्रति कितना प्यार है।”
राजस्थान रॉयल्स के नतीजे के आधार पर केकेआर का मुकाबला औपचारिक भी हो सकता है, लेकिन नायर ने कहा कि टीम किसी भी हालत में मुकाबले को हल्के में नहीं लेगी।
उन्होंने कहा,“हर मैच मायने रखता है। जो दर्शक टिकट खरीदकर मैदान में आते हैं, वे केकेआर को जीतते देखना चाहते हैं। चाहे मुकाबला निर्णायक हो या नहीं, हमारा रवैया नहीं बदलेगा।”
दिल्ली कैपिटल्स को लेकर भी नायर ने सावधानी बरती। उन्होंने कहा कि आईपीएल में कोई भी टीम कमजोर नहीं होती और हर टीम मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती है।
उन्होंने कहा,“स्टार्क, एनगिडी और उनके बल्लेबाज किसी भी समय मैच पलट सकते हैं। आईपीएल में हर टीम मजबूत होती है और हमें अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal