राजस्थान क्रिकेट में आठ जिलों में होगी एक साथ राज्य स्तरीय सीनियर महिला चैंपियनशिप

जयपुर, । राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) महिला क्रिकेट को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने और सभी जिलों को समान अवसर प्रदान करने के लिए पहली बार आठ जून से राज्य के आठ जिला केंद्रों में राज्य स्तरीय सीनियर महिला चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन करेगी।
आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव के अनुसार आरसीए की ओर से पूर्व में किए गए “सभी जिलों की समान भागीदारी” के वादे को इस प्रतियोगिता के माध्यम से धरातल पर उतारा गया है। पहली बार महिला क्रिकेट प्रतियोगिता को एक ही स्थान पर सीमित न रखकर विभिन्न जिलों में आयोजित किया जा रहा है, जिससे क्रिकेट गतिविधियों का विकेंद्रीकरण होगा और स्थानीय खिलाड़ियों को अपने जिले में उच्च स्तरीय प्रतियोगिता खेलने का अवसर प्राप्त होगा।
समिति के सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया कि प्रतियोगिता के लीग दौर के मुकाबले आठ से बारह जून के दौरान आठ जिला केंद्रों पर आयोजित होंगे एवं नॉक आउट दौर ( प्री क्वाटर , क्वाटर , सेमीफाइनल व फाइनल ) 14 से 18 जून के दौरान जयपुर में आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं एवं खेल मैदान उपलब्ध कराये जायेंगे।
प्रतियोगिता के लीग मुकाबले आठ जून से उदयपुर में एवं 10 जून से जयपुर, उदयपुर झुंझुनूं, अलवर, जोधपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा एवं राजसमंद में आयोजित होंगे। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों क्रिकेट संघों की टीमें भाग लेंगी।
टूर्नामेंट में प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। इससे खिलाड़ियों को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक मैच खेलने का अवसर मिलेगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन दिखने का उचित अवसर प्राप्त होगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal