12 साल के लंबे इंतजार के बाद श्रीगंगानगर के मानव सुथार ने किया टेस्ट डेब्यू, प्रदेश के क्रिकेट इतिहास में दर्ज हुआ स्वर्णिम अध्याय

जयपुर, । राजस्थान क्रिकेट के लिए शनिवार का दिन बेहद गौरवपूर्ण रहा। श्रीगंगानगर के प्रतिभाशाली युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया है। साल 2014 में पंकज सिंह के बाद टेस्ट टीम में खेलने वाले वे राजस्थान के पहले क्रिकेटर बने हैं। मानव अपने जिले श्रीगंगानगर से भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं, जिससे पूरे राज्य में खुशी की लहर है।
शानदार रहा है अब तक का सफर
मानव सुथार का घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 945 रन बनाने के साथ ही 129 विकेट चटकाए हैं। अपनी स्पिन गेंदबाजी और बल्लेबाजी कौशल के दम पर उन्होंने इंडिया अंडर-19 और आईपीएल में गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। उनका यह अंतरराष्ट्रीय चयन कड़ी मेहनत और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का ही नतीजा है, जिसने उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दिलाई।
राजस्थान क्रिकेट के लिए गौरव का पल
राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने मानव को बधाई दी है। राजस्थान से अब तक सलीम दुर्रानी, हनुमंत सिंह, पार्थसारथी शर्मा और पंकज सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी ही टेस्ट क्रिकेट खेल पाए हैं। अब मानव सुथार के इस पड़ाव ने न केवल राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों को नया जोश दिया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की एक नई पहचान भी स्थापित की है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal