Friday , October 16 2026

रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे मजबूत होकर 94.79 प्रति डॉलर पर

रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे मजबूत होकर 94.79 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 16 अक्टूबर । रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे मजबूत होकर 94.79 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर में नरमी और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संरचनात्मक विदेशी मुद्रा हस्तक्षेपों से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और शेयर बाजारों में गिरावट ने रुपये की तेजी को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.75 प्रति डॉलर पर खुला। फिर मजबूत होकर 94.79 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की बढ़त है।

रुपया बृहस्पतिवार को 18 पैसे की बढ़त के साथ 94.99 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.54 प्रतिशत टूटकर 102 पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 113 अंक टूटकर 74,187 अंक पर और निफ्टी 27.20 अंक की गिरावट के साथ 22,967.15 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.54 प्रतिशत घटकर 105.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 5,285.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सियासी मियार की रीपोर्ट