Friday , October 16 2026

क्रिसुमी कॉरपोरेशन गुरुग्राम में लक्जरी आवास बनाने के लिए 1,300 करोड़ रुपये करेगी निवेश

क्रिसुमी कॉरपोरेशन गुरुग्राम में लक्जरी आवास बनाने के लिए 1,300 करोड़ रुपये करेगी निवेश

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर जापान की सुमितोमो कॉरपोरेशन और कृष्णा ग्रुप के संयुक्त उद्यम रियल एस्टेट कंपनी क्रिसुमी कॉरपोरेशन ने गुरुग्राम में करीब 550 लक्जरी आवास बनाने के लिए 1,300 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी की वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास खंड में भी प्रवेश करने की योजना है।

क्रिसुमी कॉरपोरेशन गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर 33.5 एकड़ में फैली आवासीय परियोजना ‘क्रिसुमी सिटी’ विकसित कर रही है। कंपनी ने शुक्रवार को इस परियोजना के पांचवें और छठे चरण की शुरुआत की। ‘द फॉरेस्ट रिजर्व’ नाम के इन चरणों में कुल 542 अपार्टमेंट बनाए जाएंगे।

क्रिसुमी कॉरपोरेशन के चेयरमैन अशोक कपूर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हम एक ‘मिनी-जापानी शहर’ विकसित कर रहे हैं।’’

कंपनी ने कहा कि इन दोनों नए चरणों में कुल 1,300 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जबकि इनसे 4,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।

विस्तार योजनाओं के बारे में कपूर ने कहा, ‘‘हम वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास खंड में प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं।’’

क्रिसुमी कॉरपोरेशन ने ‘क्रिसुमी सिटी’ परियोजना का पहला चरण 2019 में शुरू किया था। पूरी परियोजना के तहत कंपनी विभिन्न चरणों में कुल 2,772 आवास इकाइयां विकसित करेगी। इस पूरी परियोजना में कुल 7,000 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। पूरी परियोजना 2032 तक पूरी हो जानी चाहिए।

कपूर ने कहा कि कंपनी पर कोई कर्ज नहीं है और पूरा निवेश आंतरिक स्रोतों से जुटाई गई राशि के जरिये किया जा रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट